तेजस्वी अपनी हार पर करें मंथन, जनता भूली नहीं राजद का कुशासन: राज भूषण चौधरी का तीखा पलटवार

तेजस्वी यादव को अपनी हार पर मंथन करना चाहिए: राज भूषण चौधरी


पटना, 8 फरवरी। केंद्रीय राज्यमंत्री राज भूषण चौधरी ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा कि लोग जब चुनाव हार जाते हैं तो हार का मंथन करना चाहिए। तेजस्वी यादव को सोचना चाहिए कि जिस तरह से जनता को साथ लाना चाहिए था, वह क्यों नहीं आए। उन्हें अपने माता-पिता के शासनकाल को याद करना चाहिए, जब बिहार की छवि को खराब किया गया था। आम लोगों के साथ अन्याय हुआ। आम जनता अभी भी राजद के कार्यकाल को नहीं भूली है। यही वजह है कि बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी और इंडी गठबंधन की हार हुई।

नितिन नवीन के बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से बिहार के लिए गौरव का क्षण है। बिहार के लाल को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। पहले वे कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर बिहार की धरती पर आए थे, अब उनका आगमन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद हो रहा है। बिहार की अपनी धरती पर उनका स्वागत है। बिहार में बहुत अच्छा माहौल है। हम सभी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रशासन को काम नहीं करने देते हैं और बेतुके बयान देकर लोगों को भ्रमित करने का काम करते हैं। प्रशासन को उसका काम करने देना चाहिए। जब वैज्ञानिक तरीके से जांच चल रही है तो बयान देने की क्या जरूरत है? माहौल खराब करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। वैसे भी पप्पू यादव की जो गिरफ्तारी हुई है, वह बहुत पुराना मामला है।

नीट छात्रा की मौत मामले में हो रहे विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है। यह सरकार सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, वह बच नहीं पाएगा। दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
5,287
Messages
5,319
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top