नई दिल्ली, 8 फरवरी। दिल्ली सरकार का एक साल पूरा होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता आरपी सिंह ने कहा कि एक साल पहले दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी थी। हमने जनता से जो वादे किए थे, उनमें से एक-एक वादा पूरा किया जा रहा है।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा कि चाहे दिल्ली में कूड़े के पहाड़ हों या प्रदूषण की समस्या, भाजपा सरकार लगातार काम कर रही है। दिल्ली की जनता को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें लाई जा रही हैं। इसी तरह जनकल्याण योजनाओं के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार दिल्ली की जनता के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के इस बयान पर कि वीर सावरकर को भारत रत्न दिया जाना चाहिए, भाजपा के वरिष्ठ नेता आरपी सिंह ने कहा कि जिस तरह वीर सावरकर ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और काला पानी में तीन उम्रकैद की सजा काटी, उसकी मिसाल भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कहीं नहीं मिलती। उन्हें भी भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
संसद में विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित होने पर आरपी सिंह ने कहा कि हम विपक्ष से अपील करते हैं कि वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा लें और लंबित कार्यों को पूरा करने में सहयोग करें। उन्हें समझना चाहिए कि सदन जंतर-मंतर नहीं है।
बता दें कि दिल्ली सरकार के एक साल पूरा होने पर रविवार को रामलीला ग्राउंड से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा सरकार ने दिल्ली के लोगों को 500 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात दी। दिल्ली के इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ 500 नई इलेक्ट्रिक बसें परिवहन व्यवस्था में जोड़ी गई हैं। बीते एक वर्ष में सरकार ने लगातार डीटीसी के बेड़े में नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की हैं। इन नई इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से अब दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 4000 से अधिक हो गई है।