तेजस्वी यादव का आरोप: बिहार में अराजकता का तांडव, अपराधियों-नेताओं के गठजोड़ में पिस रही जनता, नीतीश सरकार दोषी

बिहार में अराजकता और अव्यवस्था की स्थिति काफी चिंताजनक: तेजस्वी यादव


पटना, 8 फरवरी। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दरभंगा जिला में एक 6 साल की नाबालिग बच्ची की रेप-हत्या मामले में प्रदेश की एनडीए सरकार को घेरा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था की स्थिति काफी चिंताजनक है।

एक्स पोस्ट में तेजस्वी यादव ने लिखा कि बिहार के दरभंगा में 6 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म बाद नृशंस हत्या कर दी गई है। बिहार में पीड़ितों और गरीबों की कहीं कोई सुनने वाला नहीं। पुलिस की रिकॉर्डतोड़ नाकामयाबी, कम दोष-सिद्धि दर और ज्वलंत घटनाओं पर मुख्यमंत्री की अनभिज्ञता के चलते जनता अब सड़कों पर उतर चुकी है। प्रदेश में हर तरफ अराजकता और अव्यवस्था का आलम है। विधि व्यवस्था चरमरा गयी है। अपराधियों और सत्ताधारी नेताओं के गठबंधन में जनता पीस रही है। विगत दिनों में बहन-बेटियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।

तेजस्वी यादव ने पटना नीट छात्रा की हत्या समेत खगड़िया, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, कैमूर, मुंगेर, मोतिहारी, कटिहार, सोनपुर सहित अन्य जिलों में महिलाओं के प्रति हुए अपराध को लेकर एक लिस्ट जारी की।

लिस्ट जारी कर तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता संरक्षण में बलात्कारियों, हत्यारों और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ख़ुद सरकार के मंत्री सत्ता संपोषित अपराध को खुलेआम स्वीकार कर रहे हैं। प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था की स्थिति काफ़ी चिंताजनक है तथा मुख्यमंत्री की चुप्पी खतरनाक और आपराधिक है।

दरभंगा की इस घटना पर कांग्रेस पार्टी ने भी नीतीश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में गुंडाराज का असली चेहरा जगजाहिर हो रहा है। नीट छात्रा को अभी तक न्याय मिला नहीं है, दरभंगा में एक और बेटी दरिंदों की शिकार हो गई। प्रदेश की सरकार में अपराधियों को संरक्षण और इंसाफ को दमन मिल रहा है, यही सत्य है। सरकार की प्राथमिकता साफ है अपराध नहीं, विरोध कुचलो।

दूसरी ओर दरभंगा में बच्ची को न्याय दिलाने के लिए भारी संख्या में लोग सड़कों पर आए। सड़क जाम कर रहे लोगों को हटाने की कोशिश पुलिस ने शुरू की। इस दौरान आक्रोशित लोगों के साथ पुलिस की बहस भी हुई। इस दौरान लोगों को सड़कों से खदड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। हालांकि, गुस्साए लोगों ने पुलिस बल सहित अन्य फोर्स पर पथराव भी किया।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,157
Messages
15,194
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top