अमेरिका का बड़ा फैसला: टैरिफ घटा, यूपी के भदोही कालीन उद्योग में उत्साह, 20% बढ़ेगा कारोबार

उत्तर प्रदेश: अमेरिका ने घटाया भारतीय उत्पादों पर टैरिफ, भदोही के कालीन उद्योग में लौटी रौनक


भदोही, 8 फरवरी। अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश में भदोही के कालीन उद्योग में उत्साह का माहौल बन गया है। स्थानीय निर्यातकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल व गिरिराज सिंह को इस कूटनीतिक सफलता के लिए बधाई दी है।

उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की संतुलित नीति और संवाद का ही परिणाम है कि अमेरिकी प्रशासन ने टैरिफ में बदलाव करते हुए इसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है और कुछ क्षेत्रों में इसे शून्य करने की संभावना भी जताई गई है। इससे कालीन उद्योग को बड़ा संबल मिला है और कारोबार में लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।

कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ कालीन निर्यातक असलम महबूब ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि टैरिफ घटने के बाद उद्योग में सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ भारत की व्यापार समझौता प्रक्रिया से पहले ही कारोबार को मजबूती मिल रही थी और अब अमेरिका के फैसले से यह असर और तेज हो गया है।

उनके मुताबिक अमेरिका में अकेले लगभग 17,640 करोड़ रुपए का कारोबार जुड़ा हुआ है, लेकिन टैरिफ बढ़ने से निर्यात में करीब 14 प्रतिशत की गिरावट आई थी। अब विदेशी खरीदारों की रुचि फिर से बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि भदोही से प्रत्यक्ष निर्यात करीब 4,500 करोड़ रुपए का है और दिल्ली, पानीपत, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के कालीन उत्पादन को जोड़ दिया जाए तो यह आंकड़ा लगभग 9,000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाता है।

निर्यातकों का मानना है कि टैरिफ में राहत से न केवल ऑर्डर बढ़ेंगे, बल्कि बुनकरों को भी स्थायी रोजगार मिलेगा। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और उनकी टीम के प्रति आभार जताया और कहा कि यह फैसला भारतीय कालीन उद्योग के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
13,879
Messages
13,916
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top