धनबाद, 8 फरवरी। झारखंड के धनबाद में पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले बाबूडीह खटाल निवासी अमित कुमार के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। अमित बीते दो दिनों से लापता हैं और उनके मोबाइल फोन से 15 लाख रुपये की फिरौती की कॉल आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों के अनुसार, अमित कुमार शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। जाते समय उन्होंने परिवार को बताया था कि उन्हें कुछ दूर जाना है और लौटने में देर हो सकती है।
दोपहर करीब दो बजे जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद लगातार कॉल करने पर भी संपर्क नहीं हो पाया, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती चली गई। इसी बीच अमित के ही मोबाइल फोन से एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि अमित उसके कब्जे में हैं और उनकी रिहाई के एवज में 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर अमित को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
इस कॉल के बाद परिजन पूरी तरह घबरा गए और तत्काल धनबाद पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले अमित के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। शुरुआती जांच में मोबाइल की लोकेशन गोविंदपुर ऊपर बाजार इलाके में मिली। इसके बाद मोबाइल सरायढेला थाना क्षेत्र के सूर्य हाइलैंड सिटी के पास कई घंटों तक सक्रिय पाया गया।
बाद में पता चला कि मोबाइल फोन को डांगी मोड़ के पास फेंक दिया गया है। मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने अमित के परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान विकास खंडेलवाल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि विकास पर करीब एक करोड़ रुपये का बैंक लोन है और अमित कुमार से उसका लोन सेटलमेंट को लेकर संपर्क चल रहा था। फिलहाल पुलिस विकास खंडेलवाल से गहन पूछताछ कर रही है। इधर, अमित के परिजन उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।