पटना, 8 फरवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को भी पटना में चल रही परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान बताया गया कि इस परियोजना को तेजी से पूरा किया जा रहा है और बचे हुए कार्यों को अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना के बचे हुए कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि इसके पहुंच पथ का भी निर्माण कार्य जल्द पूर्ण किया जाए, जिससे आवागमन निर्बाध और सुचारू रूप से हो सके।
उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क सम्पर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। इस परियोजना के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक सम्पर्क बहाल हो चुका है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से महात्मा गांधी सेतु पर भी यातायात का भार कम होगा तथा उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की सम्पर्कता के लिए लोगों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इस पुल के निर्माण से पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर आसानी के साथ आवागमन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना से जुड़ेगा, जिससे समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी की तरफ जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी और समय की बचत होगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष 23 जून को कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक नवनिर्मित पथांश का उद्घाटन किया था। पटना जिला अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिला अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किलोमीटर लंबाई के 6 लेन ग्रीनफील्ड पुल परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके तहत 9.76 किलोमीटर लंबा पुल तथा 10 किलोमीटर लंबे पहुंच पथों का निर्माण कार्य होना है।