झारखंड: सरायकेला में देहरादून से लौटे इकलौते मेडिकल छात्र ने फांसी लगाई, उज्ज्वल भविष्य पर 'क्यों' का सवाल

झारखंडः सरायकेला में मेडिकल छात्र ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या


सरायकेला, 8 फरवरी। झारखंड सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत लहाकोठी में 27 वर्षीय मेडिकल छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान डॉ. गंगाधर महतो के इकलौते पुत्र प्रकाश महतो के रूप में हुई है।

शनिवार देर रात सामने आई इस घटना से परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों के अनुसार, प्रकाश महतो देहरादून में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और करीब पांच दिन पहले ही वह वहां से अपने पैतृक गांव कांड्रा लौटा था। घर आने के बाद उसका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था।

परिवार के लोगों का कहना है कि उसने किसी तरह की मानसिक परेशानी, तनाव या व्यक्तिगत समस्या का जिक्र नहीं किया था। इसी कारण यह घटना परिजनों के लिए पूरी तरह अप्रत्याशित और गहरे सदमे का कारण बन गई है। प्रकाश परिवार का इकलौता पुत्र था। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात काफी देर तक जब प्रकाश अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को संदेह हुआ। कमरे में जाकर देखने पर वह फंदे से लटका हुआ मिला।

परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से पूछताछ की।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। कांड्रा थाना पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,877
Messages
4,909
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top