कोलकाता, 8 फरवरी। कोलकाता के गोलपार्क इलाके में दो समूहों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन और लोगों को हिरासत में लिया है।
इसके साथ ही इस घटना में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।
हालांकि, स्थानीय लोगों के मुताबिक मुख्य आरोपी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू अब भी फरार है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि पप्पू को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है।
शनिवार रात रवींद्र सरोवर थाना पुलिस ने तीन युवकों सौगत बसु, मिंटू भांजा और प्रबीर प्रमाणिक को गिरफ्तार किया।
सौगत और मिंटू कसबा थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि प्रबीर दक्षिण कोलकाता के रवींद्र सरोवर इलाके में रहता है।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि ये तीनों 1 फरवरी की रात हुई घटना में शामिल थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के बाद से भूमिगत हुए सोना पप्पू का ठिकाना क्या है।
पिछले रविवार को कोलकाता के रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोलपार्क के ककुलिया रोड पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाओं में बार-बार पप्पू और उसके गिरोह का नाम सामने आया। इलाके के एक वर्ग का आरोप है कि अशांति फैलाने के पीछे पप्पू का गिरोह ही जिम्मेदार है।
इस बीच रवींद्र सरोवर थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें एक मामला पुलिस वाहन पर हमले को लेकर स्वतः संज्ञान (सुओ मोटो) के तहत दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले सप्ताह शाम करीब 8:30 बजे गोलपार्क के पास पंचाननतला इलाके में एक क्लब पिकनिक के दौरान दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
बताया जा रहा है कि यह टकराव स्थानीय कारोबारी बापी हालदार के समूह और सोना पप्पू गिरोह के बीच हुआ। बापी इलाके में एक व्यापारी के रूप में जाना जाता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सोना पप्पू का गिरोह इलाके पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा था और इसी वजह से बापी को निशाना बनाया गया।
आरोप है कि करीब 100 से 150 बदमाश ने इलाके पर हमला किया। फायरिंग और देसी बम फेंके जाने की भी खबरें सामने आईं। हमले में धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया।
इस दौरान पुलिस वाहनों और स्थानीय लोगों की मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई और एक-दूसरे पर ईंटें फेंकी गईं। उसी रात पुलिस ने सड़क से गोली के खोखे और बम के टुकड़े भी बरामद किए।