मोहन भागवत के बयान पर कांग्रेस का तीखा हमला: "RSS का भारत से भावनात्मक लगाव नहीं, अंग्रेजों संग थे"

संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर कांग्रेस नेताओं ने दी तीखी प्रतिक्रिया


नई दिल्ली, 8 फरवरी। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मोहन भागवत के बयान समाज को विषाक्त वातावरण की ओर ले जाने वाले बयान हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में सुखदेव भगत ने कहा, "आरएसएस और उसके संगठनों का भारत से भावनात्मक लगाव नहीं रहा है। यह अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में शरीक नहीं हुए, बल्कि भारत छोड़ो आंदोलन के समय यह अंग्रेजों के साथ खड़े थे। यह पूरे भारत को तोड़ने की बात करते हैं।"

कांग्रेस सांसद ने कहा कि मोहन भागवत को इतिहास पढ़ लेना चाहिए। यहां आर्यों का आगमन कब हुआ और ऋग्वेद क्या कहता है, इनके बारे में उन्हें जानना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, "लोग आज स्पेस में जा रहे हैं, मंगल ग्रह और चांद पर जा रहे हैं तो मोहन भागवत क्यों इस तरह के बयान दे रहे हैं। मोहन भागवत के बयान समाज को विषाक्त वातावरण की ओर ले जाने वाले बयान हैं।"

कांग्रेस नेता उदित राज ने भी संघ प्रमुख के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "देश का विभाजन आरएसएस के कारण हुआ। जातियों के नाम पर आज भी विभाजित हैं। सावरकर ने दो-राष्ट्र सिद्धांत दिया था। दूसरी बात कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मुस्लिम लीग के साथ सिंध और बंगाल में सरकारें बनाईं। मुस्लिम लीग ने बंटवारे की बात की थी। वे उनके सहयोगी थे। यह कांग्रेस पार्टी ही है, जिसने भारत को इतना महान बनाया।"

'सभी हिंदू हैं' वाली टिप्पणी पर उदित राज ने कहा कि अगर सभी हिंदू हैं तो क्या यूजीसी के नियमों का विरोध करने वाले हिंदू नहीं थे। एससी-एसटी और ओबीसी पर अत्याचार आज भी उच्च जाति के लोग करते हैं। अगर हिंदू हैं तो इन पर क्यों हमले किए जाते हैं। एससी-एसटी और ओबीसी को आरक्षण मिलने पर हिंदुओं की ऊपरी जातियां ही क्यों विरोध करती हैं।

मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "शब्द सुनने में आकर्षक लग सकते हैं और भाषण मन को प्रभावित कर सकते हैं, लेकिन भाषणों में हीरो बनने से कोई चरित्र में हीरो नहीं बन जाता। मोहन भागवत, सिर्फ भाषण देने से कुछ हासिल नहीं होगा।"

उन्होंने कहा कि आप (मोहन भागवत) ऐसे भाषण देते हैं और आगे बढ़ जाते हैं, जबकि आपके समर्थक गाय की रक्षा के नाम पर अखलाक जैसे लोगों की लिंचिंग करते हैं। वे लोगों के फ्रिज में मांस ढूंढते हैं, मस्जिदों के नीचे मंदिर ढूंढते हैं और दरगाहों पर झंडे लहराते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सबसे पहले आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों की वजह से देशभर में फैले सांप्रदायिक तनाव को खत्म करें। उसके बाद ही आपको ऐसे खोखले बयान देने चाहिए।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top