मुंबई, 7 फरवरी। भारत में अमेरिका के एम्बेसडर सर्जियो गोर ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम यूएसए मैच के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "आज टी20 विश्व कप में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह से मिलकर खुशी हुई। हमने अमेरिका में हमारे विश्व-स्तरीय संरचना, प्रतिभाओं और जबरदस्त फैंस के साथ क्रिकेट के तेजी से विकास पर चर्चा की।"
गोर ने बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी से भी मुलाकात की।
मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के साथ तस्वीर शेयर करते हुए सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "अपने दोस्तों मुकेश अंबानी और नीता अंबानी को टी20 विश्व कप में भारत और अमेरिका मैच के दौरान देखकर बहुत अच्छा लगा।"
सर्जियो गोर ने जय शाह और अमेरिकी टीम के साथ भी एक तस्वीर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमें अपनी अमेरिकन क्रिकेट टीम पर गर्व है। आज रात मुंबई में एक बहुत ही रोमांचक मैच हुआ।
यूएसए में क्रिकेट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। टी20 विश्व कप 2024 में यूएसए ने पाकिस्तान को हराकर विश्व क्रिकेट में तहलका मचा दिया था।
मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी निराशाजनक रही थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंद पर 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाकर भारत का स्कोर 161 रन तक पहुंचाया।
यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई।
भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 3, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती को 1 विकेट मिला। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।