खटीमा विंटर कार्निवाल में सीएम धामी ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह, कहा- युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत

खटीमा: राजकीय महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में शामिल हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी


खटीमा, 7 फरवरी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को खटीमा के राजकीय महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और यही हमारा भविष्य है।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि राजकीय महाविद्यालय, खटीमा में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में पहुंचकर कलाकारों एवं युवाओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और यही हमारा भविष्य है।

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनकी योग्यता, प्रतिभा और क्षमता को पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रभावी एवं कठोर कानून लागू किए गए हैं ताकि मेरिट को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणामस्वरूप प्रदेश में अब तक 28,000 से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे पता चला कि विंटर कार्निवाल में पहली बार भजन क्लबिंग जैसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शुरुआत हुई है। इस प्रकार की शुरुआत सिर्फ एक पहल, एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परम्पराएं और युवा चेतना का प्रतीक है। इससे यह साबित होता है कि हमारा युवा वर्ग आधुनिकता के साथ-साथ अपनी जड़ों से, अपनी संस्कृति और विरासत से मजबूती से जुड़ा हुआ है।

संगीत, भक्ति और संस्कृति के माध्यम से युवाओं को एक सकारात्मक संदेश देना इन आयोजनों की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस तरह के आयोजन के लिए छात्र संघ को बधाई दी।

इसके साथ ही सीएम धामी खटीमा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर पहुंचे, जहां उन्होंने राम सिंह जेठी की पत्नी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही कंजाबाग में भाजपा नेता ढील्लू सिंह राणा और वरिष्ठ समाजसेवी जशोधर भट्ट के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,550
Messages
15,587
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top