शाहिद-तृप्ति की 'ओ रोमियो' को मिली बड़ी राहत, कोर्ट ने याचिका खारिज कर रिलीज का रास्ता किया साफ

'ओ' रोमियो' की रिलीज का रास्ता साफ, कोर्ट ने खारिज की याचिका


मुंबई, 7 फरवरी। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म को लेकर राहत भरी खबर आई है। बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट ने फिल्म 'ओ' रोमियो' की रिलीज रोकने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है।

7 फरवरी को दिए गए इस फैसले से फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। यह फैसला एक लंबी और अहम सुनवाई के बाद आया, जिसमें कोर्ट ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के मौलिक अधिकार और निजता के अधिकार के बीच संतुलन बनाया।

दिवंगत हुसैन शेख की बेटी ने याचिका दायर की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि फिल्म में उनके पिता की निजता और प्रतिष्ठा का उल्लंघन किया गया है, लेकिन कोर्ट ने इस दावे को खारिज करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। कोर्ट का कहना था कि निजता का अधिकार व्यक्तिगत होता है और किसी व्यक्ति की मौत के बाद यह अधिकार खत्म हो जाता है। इसे परिवार के सदस्य विरासत में नहीं ले सकते और न ही किसी फिल्म या कलात्मक कृति को रोकने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

फिल्म को पूरी तरह काल्पनिक कृति माना गया। फिल्म में स्पष्ट डिस्क्लेमर दिया गया है कि सभी पात्र काल्पनिक हैं और किसी वास्तविक व्यक्ति से समानता सिर्फ संयोग है। कोर्ट ने यह भी कहा कि फिल्म की घोषणा साल 2024 के अंत में ही सार्वजनिक हो चुकी थी, लेकिन याचिका आखिरी समय में रिलीज से कुछ ही दिन पहले दायर की गई। ऐसे में फिल्म को रोकना निर्माताओं, कलाकारों और अन्य जुड़े लोगों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाएगा।

कोर्ट ने आगे कहा कि याचिकाकर्ता ने खुद पैसे का दावा किया था, यानी उनका कथित नुकसान मौद्रिक रूप से मुआवजा देकर पूरा किया जा सकता है, इसलिए रिलीज पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं बनता। फिल्म का प्रतिनिधित्व बार एंड ब्रीफ अटॉर्नीज ने साजिद नाडियाडवाला की ओर से किया, जबकि विशाल भारद्वाज का पक्ष साईकृष्णा एंड एसोसिएट्स ने संभाला।

'ओ' रोमियो' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसका निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है। फिल्म को साजिद नाडियाडवाला प्रस्तुत कर रहे हैं और प्रोडक्शन नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की तरफ से है। फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्‍ना भाटिया और फरीदा जलाल जैसे एक्टर्स अहम भूमिकाओं में हैं।

विशाल भारद्वाज की यह फिल्म हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' पर आधारित है, जिसमें शाहिद ने माफिया डॉन हुसैन उस्तरा का किरदार निभाया है। वहीं, तृप्ति डिमरी सपना के रोल में हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,780
Messages
4,812
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top