चंडीगढ़, 7 फरवरी। पंजाब सरकार के दो आईएएस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के निलंबन की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
सरकार ने जिन दो अधिकारियों को निलंबित किया है, उनमें कमल किशोर यादव और जसप्रीत सिंह शामिल हैं। सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, दोनों अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक आधार पर कार्रवाई की गई है।
दो आईएएस अधिकारियों को निलंबित करने के साथ ही एक अतिरिक्त मुख्य सचिव और एक संयुक्त सचिव का तबादला भी कर दिया। उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और सूचना प्रौद्योगिकी प्रोत्साहन विभाग के प्रशासनिक सचिव कमल किशोर यादव और पंजाब इन्फोटेक के प्रबंध निदेशक जसप्रीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित किए गए दोनों अधिकारियों को चंडीगढ़ स्थित राज्य मुख्यालय में तैनात किया गया है, और निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें केवल निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
वहीं, पंजाब के जालंधर में शुक्रवार की सुबह आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लक्की ओबोराय की हत्या को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा। सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि पंजाब आम आदमी पार्टी की 'जीरो फियर' सरकार में खून से लथपथ हो चुका है। उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि अब तो आप के नेता भी अपनी ही सरकार में सुरक्षित नहीं हैं। जालंधर में एक गुरुद्वारे के बाहर आम आदमी पंजाब के नेता लकी ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या इस बात का सबूत है।
उन्होंने आगे कहा, "साल के पहले हफ्ते में 9 हत्याओं के बाद, अकेले जनवरी 2026 में लगभग 25 हत्याएं हुई हैं। ये हर जगह हो रही हैं, चाहे वह कोर्ट कॉम्प्लेक्स हो, व्यस्त बाजार हो, शादी की जगह हो या गुरुद्वारा साहिब के बाहर हो। भगवंत मान, आप एक दिन भी कुर्सी पर रहने के लायक नहीं हैं।"