टीवी अभिनेत्री नेहा मलिक से लाखों की ठगी का पर्दाफाश! फर्जी पैकर्स-मूवर्स गैंग बेनकाब, पुलिस ने सामान बरामद किया

टीवी अभिनेत्री नेहा मलिक को ठगने वाले फर्जी पैकर्स-मूवर्स गैंग बेनकाब, पुलिस ने बरामद किया लाखों का सामान


मुंबई, 7 फरवरी। मुंबई के मालाड इलाके में टीवी अभिनेत्री नेहा मलिक को निशाना बनाकर की गई बड़ी ठगी का पर्दाफाश करते हुए कुरार पुलिस ने फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स गैंग का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह खुद को नामी ट्रांसपोर्ट कंपनी बताकर लोगों का भरोसा जीतता था और फिर कीमती घरेलू सामान लेकर फरार हो जाता था।

अभिनेत्री नेहा मलिक उर्फ खुशी चौधरी ने 27 दिसंबर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये 'इनफील्ड लॉजिस्टिक पैकर्स एंड मूवर्स' नामक कंपनी से संपर्क किया था। अभिनेत्री नेहा मलिक मुंबई के मालाड के माउली अपार्टमेंट में रहती थी। उन्हें कांदिवली के लोखंडवाला में नए फ्लैट में शिफ्ट होना था। अभिनेत्री को परिवार में शादी के लिए गहने, कपड़े और सामान लेकर यूपी जाना था। आरोपी वैभव सिंह ने खुद को कंपनी का मालिक बताकर कम कीमत में घर का सामान शिफ्ट करने का भरोसा दिया।

आरोपी वैभव सिंह ने 4 जनवरी को यूपी में बैठकर अपने पहचान वाले मजदूरों को मूवर्स पैकर्स वाला बताकर मालाड ईस्ट स्थित माउली अपार्टमेंट में अभिनेत्री के घर भेजा। मजदूरों ने कपड़े, मेकअप किट, जूते, बैग, पेंटिंग्स, शीशे और कीमती एंटीक सामान सहित कुल सामान को 18 बैग में पैक किया। पूर्व में अभिनेत्री ने शिफ्टिंग के बदले 11,700 रुपए ऑनलाइन क्यूआर कोड से भेज दिए थे। कीमती सामान देखने के बाद शिफ्टिंग के लिए मजदूरों ने ज्यादा पैसे वसूलने का प्लान बनाया। अगले ही दिन आरोपियों ने वजन और साइज का बहाना बनाकर बिल 25,506 तक बढ़ा दिया।

अभिनेत्री ने जब आपत्ति जताई और सामान लौटाने को कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। कई बार संपर्क के बावजूद न तो सामान पहुंचाया गया और न ही वापस किया गया। मजदूरों ने अभिनेत्री के फ्लैट से उठाए सभी कीमती बॉक्स को मुंबई के अंधेरी साकीनाका समर्थ बिल्डिंग में छुपा दिया। अभिनेत्री के बार-बार पूछने पर भी आरोपी ने सामान नहीं दिया और फोन बंद कर दिए।

इसके बाद अभिनेत्री ने कुरार पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू की और साकीनाका समर्थ बिल्डिंग से अभिनेत्री का सामान बरामद किया।

कुरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजीव तावड़े ने कहा कि पुलिस साकीनाका समर्थ बिल्डिंग पहुंची और तकनीकी निगरानी एवं जांच के आधार पर चोरी किया गया सामान एक गोदाम से बरामद किया। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और सामान की जब्ती की गई।

पुलिस के मुताबिक, 28 जनवरी को छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी विजय रामावतार पाल (40) को गिरफ्तार किया, जो पेशे से मजदूर है और गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। विजय पाल सीधे तौर पर पैकिंग और ट्रांसपोर्टिंग में शामिल था। गैंग का मास्टरमाइंड वैभव सिंह समेत दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। सारा सामान 2 फरवरी को अभिनेत्री को सौंप दिया गया।

कुरार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पैकर्स एंड मूवर्स की सेवाएं लेते समय कंपनी की पूरी जांच-पड़ताल और दस्तावेज सत्यापित करें, क्योंकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं।

अभिनेत्री नेहा मलिक उर्फ खुशी चौधरी ने मुंबई पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि कुरार पुलिस ने दिन-रात मेहनत कर गैंग को बेनकाब किया और मेरा पूरा सामान सुरक्षित वापस दिलाया। इनमें से कई चीजें बेहद कीमती थीं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top