गाजियाबाद, 7 फरवरी। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके की भारत सिटी सोसायटी में तीन बहनों द्वारा एक साथ की गई आत्महत्या से पूरा देश हैरान है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि तीनों बहनें कोरियन गेम और कल्चर से बहुत ज्यादा प्रभावित थीं और खुद को कोरियन ही मानती थीं। अब मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सभी से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत न लगने दें।
गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या मामले पर बबीता सिंह चौहान ने कहा, "यह एक बेहद दुखद घटना है, इसीलिए मैं यहां परिवार से मिलने आई हूं। किसी भी परिवार के लिए एक साथ तीन बेटियों का चले जाना बहुत दुख देने वाला है। मैंने उनके माता-पिता से बात की और उन्होंने बताया कि लड़कियां कोरियन खेलों की बेहद शौकीन थीं। आमतौर पर ऐसे खेलों में लास्ट स्टेज सुसाइड वाला ही होता है। इससे पहले पबजी जैसे खेलों की वजह से माता-पिता के अकाउंट भी खाली हुए और कई बच्चों ने अपनी जान दी तो ऐसे खेलों को तो बैन ही कर देना चाहिए।
बबीता सिंह चौहान ने घटना पर भी सवाल उठाए कि माता-पिता को कैसे नहीं पता चला कि बच्चियां इतना खौफनाक कदम उठाने वाली हैं। उन्होंने कहा, "मैं बच्चियों के माता-पिता से मिली और घर के अंदर भी गई। एक कमरे का घर है और सभी एक साथ सोते थे, ऐसे में परिवार के सदस्यों ने बच्चियों को क्यों नहीं रोका? एक ही कमरे में सोने वाले लोगों को कैसे पता नहीं चला कि तीनों बच्चियां आत्महत्या करने वाली हैं? ये घटना एक दिन में नहीं हुई होगी क्योंकि बच्चियां काफी समय से गेम के पीछे पागल थीं। क्यों माता-पिता या घर के सदस्य ने बच्चियों को टोका नहीं?"
उन्होंने आगे कहा, "पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन फिर भी मेरा बच्चों से कहना है कि वे फोन से थोड़ा दूर रहें और सोशल मीडिया को ही अपनी जिंदगी न मानें। वहीं, माता-पिता भी बच्चों पर निगरानी रखें कि उनके बच्चे क्या कर रहे हैं। हमारी संस्कृति में माता-पिता और बच्चों का रिश्ता बहुत मजबूत होता है। ऐसे में बच्चों का पूरा ध्यान रखें।"