राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी का भव्य स्वागत, बोले- लालू का बेटा हूँ, झुकूंगा नहीं, अब आएगा हमारा दौर

राजद कार्यालय में तेजस्वी यादव का भव्य स्वागत, बोले- आज उनका समय, हमारा दौर आएगा


पटना, 7 फरवरी। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद शनिवार को पहली बार पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि संगठन के माध्यम से लालू यादव के विचारों और पार्टी के संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

उन्होंने भरोसा देते हुए कहा कि लालू यादव और राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उनके विश्वास और भरोसे को मजबूत बनाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा, "मैं लालू यादव का बेटा हूं, चाहे कितनी भी सांप्रदायिक शक्तियां साजिश कर लें, हम भी उनकी तरह झुकेंगे नहीं, बल्कि मजबूत संकल्पों के साथ आप सभी के सहयोग से उन जिम्मेदारियों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाऊंगा।"

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में प्रशासन के द्वारा विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश की जा रही है। ऐसे खौफ के खिलाफ हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। आज उनका समय है, लेकिन हम लोगों का दौर आएगा।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार में लोक हारा है और तंत्र जीता है। ये लोकतंत्र के लिए कहीं न कहीं जो साजिश चल रही है, उससे हम सभी को सचेत रहना है। बिहार के चुनाव में जनतंत्र को धनतंत्र में बदलकर फर्जी केस, मुकदमा बनाकर मशीनरी के माध्यम से चुनाव जीता गया है, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं का हौसला काफी मजबूत है और हम उसी मजबूती के साथ फिर से वापसी करेंगे।

कार्यकर्ताओं से एक-दूसरे के साथ मिलकर संघर्ष और आंदोलन करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव की विचारधारा को मजबूत करने के साथ पार्टी के माध्यम से गरीबों, शोषितों और वंचितों के बीच जाकर संगठन के माध्यम से ईमानदारीपूर्वक काम कीजिए। बिना किसी भेदभाव के हम सभी मिलकर काम करें।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कार्य कर रही है। छोटे-छोटे व्यवसाय करने वालों को तंग किया जा रहा है और किसानों को उनका एमएसपी नहीं मिल पा रहा है। तेजस्वी यादव के अभिनंदन समारोह के लिए राजद कार्यालय को सजाया गया था।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top