नोएडा में शातिर मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार, चोरी की बाइक पर देता था वारदातों को अंजाम, 5 फोन और चाकू बरामद

मोबाइल स्नैचिंग करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, चोरी की बाइक से वारदात को देता था अंजाम


नोएडा, 7 फरवरी। पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-58 नोएडा पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रिशू पुत्र सत्यनारायण के रूप में हुई है, जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को 6 फरवरी को सेक्टर-62 नोएडा के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से घटना में इस्तेमाल चोरी की एक मोटरसाइकिल, स्नैचिंग के पांच मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। बरामद मोटरसाइकिल स्प्लेंडर है। यह मोटरसाइकिल दिल्ली के विनोद नगर ईस्ट इलाके से चोरी की गई थी, जिस संबंध में थाना कल्याणपुरी ईस्ट दिल्ली में पहले से मामला दर्ज है।

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि अभियुक्त अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन स्नैच करता था। अभियुक्त द्वारा सेक्टर-57, 58, 60 और 62 से कई मोबाइल फोन छीने गए थे।

पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन में एक महंगा एप्पल आईफोन-16 भी शामिल है, जिसे सेक्टर-62 स्थित बारक्लेव बिल्डिंग के सामने पैदल जा रहे एक व्यक्ति से छीना गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त रिशू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

वर्तमान में अभियुक्त के खिलाफ थाना सेक्टर-58 नोएडा में धारा 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त के फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम को उम्मीद है कि जल्द ही उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top