मंत्री दिलीप जायसवाल का दावा: भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों, खासकर डेयरी सेक्टर की बदलेगी तकदीर

किसानों के हित में है भारत-अमेरिका ट्रेड डील: मंत्री दिलीप जायसवाल


पटना, 7 फरवरी। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील, क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के शानदार प्रदर्शन और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया दी।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील और टैरिफ को लेकर मंत्री जायसवाल ने आईएएनएस से कहा कि यह फैसला किसानों के हित में बेहद अहम है। खासकर डेयरी तकनीक से जुड़े किसानों को इससे आने वाले समय में बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस फैसले से देश के किसान और ज्यादा समृद्ध होंगे और यह एक बहुत बड़ा और दूरगामी निर्णय है।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जब टैरिफ बढ़ता है तो विपक्ष हंगामा करता है और जब अमेरिका टैरिफ घटाता है, तब भी विपक्ष को चिंता होती है।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर चुका है और साथ ही देश की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से कहीं ज्यादा सशक्त हुई है।

क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के शानदार प्रदर्शन पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि शुक्रवार का मैच वाकई अद्भुत था। उन्होंने कहा, "जिस तरह वैभव सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी की, वह बेहद खास थी। ऐसा क्रिकेट कभी-कभी ही देखने को मिलता है।"

जायसवाल ने गर्व के साथ कहा कि बिहार के बेटे ने पूरी दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है। आज हर कोई वैभव की तारीफ कर रहा है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को दिल से बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

1995 के एक मामले में सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पप्पू यादव ऐसे बयान देते रहते हैं, यह उनकी आदत है।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वारंट और कुर्की जैसे आदेश अदालत की ओर से जारी किए जाते हैं और पुलिस का कर्तव्य है कि वह कोर्ट के आदेशों का पालन करे। मंत्री ने कहा, “कानून के राज में पुलिस कानून के अनुसार ही कार्रवाई करती है।”
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,031
Messages
14,068
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top