शादी के सवाल पर खिलखिलाकर हंसे हर्षवर्धन राणे, बोले- मेरी शादी काम से हुई, दुल्हन हैं मेरी फिल्में

मेरी शादी हो चुकी है और मेरी दुल्हन... मैरिज के सवाल पर खिलखिलाकर हंसे हर्षवर्धन राणे, बताया ये सच


मुंबई, 7 फरवरी। अभिनेता हर्षवर्धन राणे बॉलीवुड में अपने इंटेंस और रोमांटिक किरदारों के लिए जाने जाते हैं। चाहे वह 'सनम तेरी कसम' में इंदर का किरदार हो या 'एक दीवाने की दीवानीयत' में 'विक्रमादित्य' का रोल वह दिल छू लेने वाली लव स्टोरी में शानदार एक्टिंग से छा जाते हैं। पर्दे पर उनका किरदार भावुक और गहरा होता है।

दर्शक हर्षवर्धन को प्यार में डूबे हुए, संजीदा और रोमांटिक हीरो के रूप में देखते हैं। लेकिन असल जिंदगी में हर्षवर्धन शादी को लेकर कितने गंभीर हैं, इसका जवाब उन्होंने मजेदार अंदाज में दिया।

आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान जब उनसे शादी के बारे में सवाल किया गया, तो हर्षवर्धन ने बड़े प्यार से और मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने खिलखिलाकर हंसते हुए कहा, "शादी तो मेरी हो चुकी है... मेरे काम से! और मेरी दुल्हन हैं मेरी फिल्में।"

हर्षवर्धन ने आगे बताया कि उनका पूरा फोकस अभी करियर पर है। फिल्में उनके लिए सिर्फ काम नहीं, बल्कि जिंदगी का सबसे बड़ा प्यार हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह किसी किरदार में डूबते हैं, तो वही उनकी सबसे करीबी साथी बन जाती है। रोमांटिक किरदार निभाने के कारण लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि असल जिंदगी में उनकी लव लाइफ कैसी है या शादी कब कर रहे हैं, लेकिन हर्षवर्धन का जवाब हमेशा यही रहता है कि उनका दिल और दिमाग अभी पूरी तरह से सिनेमा के साथ बंधा हुआ है।

बता दें, हर्षवर्धन राणे ने 16 साल की उम्र में एक्टिंग का सपना देखते हुए घर छोड़ दिया था। कोई बड़ा सपोर्ट या गॉडफादर नहीं था, वे पूरी तरह आउटसाइडर थे। शुरुआत में मुश्किलें बहुत आईं, लेकिन उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत कभी कम नहीं हुई। सपनों के पीछे भागते हुए उन्होंने कभी हार नहीं मानी। आज वह बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री को भी कई हिट फिल्में दे चुके हैं। उनका मानना है कि सपनों या लक्ष्य के ऊपर चुनौतियों को हावी नहीं होने देना चाहिए।

साल 2025 में 'सनम तेरी कसम' और 'एक दीवाने की दीवानीयत' की बंपर सफलता से उत्साहित हर्षवर्धन राणे फिलहाल अपनी अपकमिंग फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं और इस साल भी दर्शकों को अपनी तीन फिल्में देने वाले हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,529
Messages
4,561
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top