संभल: मिड-डे मील में गड़बड़ी और धार्मिक सामग्री विवाद, सहायक अध्यापक निलंबित

संभल: मिड-डे मील में गड़बड़ी और धार्मिक सामग्री विवाद, सहायक अध्यापक निलंबित


संभल, 7 फरवरी। यूपी के संभल जिले के बनियाखेड़ा विकास क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय नगला पूर्वा में मिड-डे मील योजना और विद्यालय संचालन में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अलका शर्मा ने सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत 465 छात्रों के सापेक्ष केवल 167 छात्र ही उपस्थित पाए गए, जबकि मिड-डे मील रजिस्टर में पिछले दिनों लगभग 400 छात्रों को भोजन वितरण दर्ज किया गया था। प्रथम दृष्टया इसे मिड-डे मील योजना की धनराशि के दुरुपयोग का मामला माना गया है। निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय को प्राप्त धनराशि के आय-व्यय से संबंधित कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इसके अलावा, कक्षाओं में शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) तथा महापुरुषों के चित्र भी नहीं पाए गए, जो विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है। इसी बीच 6 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर विद्यालय परिसर में धार्मिक विवाद का मामला भी सामने आया। वीडियो में विद्यालय की दीवारों पर कुरान की आयतें लिखी होने और महापुरुषों की तस्वीरें हटाए जाने की बात कही गई। विभाग ने इसे कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत मानते हुए गंभीरता से लिया।

बीएसए कार्यालय द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण का संतोषजनक जवाब न मिलने पर सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है। जांच पूरी होने तक निलंबित शिक्षक को उच्च प्राथमिक विद्यालय रीठ से संबद्ध किया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top