सीएम रेखा गुप्ता: 'परीक्षा पे चर्चा' ने करोड़ों छात्रों में भरा नया जोश, बना आत्मविश्वास व प्रेरणा का महापर्व

'परीक्षा पर चर्चा' कार्यक्रम करोड़ों छात्रों के लिए संबल और प्रेरणा का महापर्व बना: सीएम रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 6 फरवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम को लेकर कहा कि पीएम मोदी की यह सराहनीय पहल छात्रों में बोर्ड परीक्षा से पहले आत्मविश्वास का संचार कर रही है।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि पीएम मोदी की प्रेरणास्पद पहल 'परीक्षा पर चर्चा' आज करोड़ों छात्रों के लिए संबल और प्रेरणा का एक महापर्व बन चुकी है। यह पहल विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार कर रही है। एक आत्मीय मार्गदर्शक और मित्र के रूप में प्रधानमंत्री मोदी का छात्रों से यह संवाद उनके आत्मबल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उनके द्वारा दिए गए सफलता के व्यवहारिक मंत्र बच्चों के मन से असफलता का भय दूर कर उन्हें सकारात्मक सोच, धैर्य और निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करते हैं।

सीएम ने आगे कहा कि इस अनूठी पहल का व्यापक प्रभाव आज हमारे पूरे शिक्षा तंत्र और अभिभावकों की सोच में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जहां परीक्षा का तनाव अब एक उत्सव की भावना में परिवर्तित होता नजर आ रहा है। कठिन चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रधानमंत्री मोदी का संदेश युवाओं को भविष्य के लिए मानसिक रूप से सशक्त बना रहा है। बच्चों के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण और उन्हें तनावमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए इस सतत मार्गदर्शन के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में पीएम मोदी ने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया कि जीवन में लाइफ स्किल्स और प्रोफेशनल स्किल्स दोनों समान रूप से आवश्यक हैं। ज्ञान, अध्ययन और निरंतर सीखने की प्रक्रिया ही किसी भी कौशल की वास्तविक आधारशिला है। आज का युवा सिर्फ डिग्रीधारी नहीं, बल्कि दक्ष, जागरूक और आत्मनिर्भर भारत का निर्माणकर्ता बने। इसी दृष्टि को यह संवाद और अधिक सुदृढ़ करता है।

बता दें कि हर साल पीएम मोदी बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों से परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में संवाद करते हैं और उन्हें एग्जाम से संबंधित जरूरी टिप्स भी देते हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,529
Messages
4,561
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top