शेखपुरा, 6 फरवरी। बिहार सरकार की पहल ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में 'प्रशासन आपके द्वार' कार्यक्रम के अंतर्गत जनशिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान आयोजित जनता दरबार में कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए।
जनता दरबार में नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए, जिनमें शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र में विद्यालय की मरम्मति, जमीन अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, जमाबंदी कायम कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, रास्ता अवरुद्ध होने, जन वितरण प्रणाली की दुकान को पुनः चालू कराने, राशन कार्ड बनवाने, पेयजल आपूर्ति, बिजली बिल में सुधार, जबरन रैयती जमीन पर ढलाई, अवैध रूप से पानी गिराने, इंजन से प्रदूषण फैलाने, भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा, जमीन लिखवाने के नाम पर पैसे लेने, सरकारी अमीन से नापी, वंशावली नहीं बनाने, बिजली तार लगाने, जबरन जमीन पर कब्जा, प्रशासन की मौजूदगी में जमीन की नापी, प्राथमिकी दर्ज नहीं करने, जमीन को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराने, बंद रास्ते को पुनः चालू कराने तथा शिक्षक के नजदीकी विद्यालय में स्थानांतरण जैसे मामले शामिल थे।
जिला पदाधिकारी ने सभी फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदनों की जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का त्वरित निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम शेखर आनंद ने कहा कि अक्सर बुजुर्ग लोग अपनी समस्याएं लेकर इस कार्यक्रम में पहुंचते हैं, ऐसे में अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुननी चाहिए और समय पर समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से फाइलेरिया की दवा का सेवन करने की भी अपील की।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इसके साथ ही नवादा में भी जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।