उत्तराखंड के रोहन ने 'परीक्षा पे चर्चा' में रचा इतिहास, पीएम मोदी से सीधा संवाद बना गांव और प्रदेश का गौरव

गांव से दिल्ली तक का सफर: ‘परीक्षा पे चर्चा’ में उत्तराखंड के रोहन का पीएम मोदी से संवाद बना यादगार


रुद्रप्रयाग, 6 फरवरी। उत्तराखंड में जखोली विकासखंड के पालाकुराली गांव के लिए यह गर्व का क्षण है कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 9 के छात्र रोहन सिंह राणा ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद किया। रुद्रप्रयाग जनपद से यह पहला अवसर है, जब किसी छात्र को इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिला।

देशभर से भेजे गए हजारों वीडियो संदेशों में से रोहन का चयन किया गया। इस बारे में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक अश्विनी गौड़ ने उन्हें जानकारी दी, जिसके बाद रोहन ने अपना वीडियो रिकॉर्ड कर भेजा था। चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय और गांव में खुशी का माहौल बन गया।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रोहन पहली बार नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने छात्रों से परीक्षा को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और तनाव से दूर रहने की अपील की।

भेंट स्वरूप रोहन ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान से जुड़े रिंगाल से बने हस्तशिल्प, अर्सा और बुखणा भेंट किए। इसके साथ ही शिक्षक अश्विनी गौड़ द्वारा लिखित एक पुस्तक भी प्रधानमंत्री को दी गई।

अपनी इस उपलब्धि का श्रेय रोहन ने अपने माता-पिता, शिक्षकों, विद्यालय प्रशासन और ग्रामवासियों को दिया और उनके सहयोग को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

रोहन सिंह राणा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने बच्चों को परीक्षा के समय बिल्कुल तनाव न लेने और हमेशा सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की पुस्तक का मूलमंत्र है— “हंसते हुए जाइए और मुस्कुराते हुए परीक्षा केंद्र से बाहर आइए।”

रोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलकर और ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें जो खुशी मिली है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। यह उनके जीवन का यादगार अनुभव रहेगा।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,065
Messages
15,102
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top