टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप: 11 बाउंड्री के साथ रियान ने बनाए 69 रन, भारत-ए ने नामीबिया को 130 रन से रौंदा

टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप: 11 बाउंड्री के साथ रियान ने बनाए 69 रन, भारत-ए ने नामीबिया को 130 रन से रौंदा


बेंगलुरु, 6 फरवरी। भारत-ए ने नामीबिया के खिलाफ शुक्रवार को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले गए वर्ल्ड कप 2026 के 16वें वार्म-अप मुकाबले में 130 रन से जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 197 रन बनाए। मेजबान टीम ने 25 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद रियान पराग ने नमन धीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 111 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 136 के स्कोर तक पहुंचाया।

नमन धीर 29 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रियान पराग ने 39 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ 69 रन बनाए। इनके अलावा, आशुतोष शर्मा ने 35 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से रूबेन ट्रम्पेलमैन, मैक्स हिंगो और गेरहार्ड इरास्मस ने 2-2 विकेट हासिल किए। बर्नार्ड स्कोल्ट्ज और विलेम माईबर्ग को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में नामीबिया 12.1 ओवरों में महज 67 रन पर सिमट गई। इस टीम ने खाता खुलने से पहले ही 2 विकेट गंवा दिए थे। 2 के स्कोर तक तीसरा विकेट भी गिर गया। यहां से लॉफ्टी-ईटन ने जैन फ्रायलिंक के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जोड़े, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही फिर से विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। फ्रायलिंक 13 गेंदों में 1 चौके के साथ 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि ईटन ने 9 रन का योगदान दिया।

40 के स्कोर तक टीम ने आठवां विकेट गंवा दिया था। यहां से डायलन लीचर ने विलेम माईबर्ग के साथ नौवें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी करते की, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सके। भारत की तरफ से गुरजपनीत सिंह, मयंक यादव, अशोक शर्मा और विपराज निगम ने 2-2 विकेट निकाले। एक-एक विकेट आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई के हाथ लगा।

भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। टीम इंडिया पहले ही दिन यूएसए के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
 

Forum statistics

Threads
16,437
Messages
16,474
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top