रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल: पहले दिन ही मचा धमाल! मुंबई-जम्मू-कश्मीर की टीमें सस्ते में ढेर, जानें बाकी मैचों का हाल

रणजी ट्रॉफी: सस्ते में सिमटी जम्मू-कश्मीर और मुंबई की पारियां, जानिए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के पहले दिन का हाल


नई दिल्ली, 6 फरवरी। रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 में शुक्रवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबलों की शुरुआत हो गई है। चार अलग-अलग मुकाबलों में शुरुआती दिन रोमांचक खेल देखने को मिला है। आइए, पहले दिन के खेल के बारे में जानते हैं।

झारखंड बनाम उत्तराखंड: जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में जारी पहले क्वार्टर फाइनल में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी झारखंड अपनी पहली पारी में महज 235 रन पर सिमट गई। इस पारी में आदित्य सिंह ने सर्वाधिक 83 रन बनाए, जबकि कप्तान विराट सिंह ने 47 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। उत्तराखंड की तरफ से जन्मेजय जोशी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। आदित्य रावत और मयंक मिश्रा को 3-3 विकेट हाथ लगे।

इसके जवाब में उत्तराखंड ने दिन की समाप्ति तक 1 ओवर खेला, जिसमें बगैर कोई विकेट गंवाए 4 रन बना लिए हैं। उत्तराखंड फिलहाल 231 रनों से पीछे है।

मध्य प्रदेश बनाम जम्मू-कश्मीर: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में जारी दूसरे क्वार्टर फाइनल में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम पहली पारी में 194 रन पर सिमट गई। इस टीम से शुभम खजूरिया ने 140 गेंदों में सर्वाधिक 60 रन बनाए, जबकि युद्धवीर सिंह ने 41 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से कुलदीप सेन ने 66 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। 3 विकेट कुमार कार्तिकेय ने निकाले। आर्यन पांडे के हाथ में 2 विकेट लगे।

इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने 10 ओवरों के खेल तक बगैर कोई विकेट गंवाए 28 रन बना लिए हैं। यहां से मध्य प्रदेश 166 रन पीछे है।

बंगाल बनाम आंध्र: कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में जारी तीसरे क्वार्टर फाइनल में बंगाल के खिलाफ टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आंध्र की टीम ने दिन की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर 264 रन बनाए।

इस टीम के लिए कप्तान रिकी भुई ने 83 रन बनाए, जबकि श्रीकर भरत ने 47 रन जुटाए। इनके अलावा, शेख राशिद ने 46 रन और नितीश रेड्डी ने 33 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से मुकेश कुमार 50 रन देकर 3 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि आकाश दीप ने 2 विकेट और मोहम्मद शमी ने 1 विकेट निकाला है।

मुंबई बनाम कर्नाटक: मुंबई स्थित शरद पवार क्रिकेट एकेडमी बीकेसी में जारी चौथे क्वार्टर फाइनल में मुंबई की टीम को टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला भारी पड़ा। यह टीम पहली पारी में महज 120 रन पर सिमट गई।

इस पारी में अखिल हरवाडकर ने 60 रन की पारी खेली। टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। विपक्षी खेमे से विध्वथ कावेरप्पा, प्रसिद्ध कृष्णा और श्रेयस गोपाल ने 3-3 विकेट हासिल किए हैं। एक विकेट विद्याधर पाटिल के नाम रहा।

इसके जवाब में कर्नाटक ने 26 ओवरों में 2 विकेट खोकर 110 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल 54 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं केएल राहुल ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मोहित अवस्थी और सूर्यांश शेडगे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,353
Messages
4,385
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top