दिल्ली के बदरपुर में खूनी खेल: कार का शीशा टूटने पर गई जान, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

बदरपुर हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी सहित 4 गिरफ्तार, जांच जारी


नई दिल्ली, 6 फरवरी। दिल्ली के बदरपुर हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ और कानूनी कार्यवाही में जुटी है।

यह सनसनीखेज वारदात 5 फरवरी की रात करीब 10 बजे गौतमपुरी इलाके में सार्वजनिक शौचालय और आयुर्वेद अस्पताल के पास हुई। बदरपुर थाने में पीसीआर कॉल मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, एसएचओ और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां भारी भीड़ जमा थी और चारों तरफ खून फैला हुआ था। पुलिस ने तुरंत वारदात की जगह को सुरक्षित किया और डिस्ट्रिक्ट क्राइम टीम को बुलाकर फॉरेंसिक जांच और फोटोग्राफी कराई गई।

शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयान के अनुसार, झगड़े की शुरुआत एक मामूली बात से हुई थी। बताया गया कि एक कार का साइड मिरर टूट गया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। लेकिन यह विवाद इसलिए हिंसक हो गया क्योंकि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी हो गई। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान अरुण (25) के रूप में हुई, जो कपड़ों का व्यापार करता था। दूसरा घायल युवक शिवम (25) है, जो एम्स में हाउसकीपिंग स्टाफ के तौर पर काम करता है। दोनों को गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। इलाज के दौरान अरुण की मौत हो गई। उसे ग्लूटियल हिस्से में गंभीर चाकू का वार लगा था। वहीं शिवम को पेट के ऊपरी हिस्से में चाकू मारा गया था। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद बदरपुर पुलिस ने कई टीमें बनाकर लगातार छापेमारी की और चार आरोपियों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। उसके अलावा अमर, जो मार्बल पॉलिशिंग का काम करता है, एक अन्य नाबालिग आरोपी और 31 वर्षीय विक्की, जो पेशे से ड्राइवर है, को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) हत्या, 109 हत्या के प्रयास और 3(5) सामूहिक इरादे के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,303
Messages
4,335
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top