जनकपुरी हादसे पर दिल्ली सरकार सख्त, जांच कमेटी गठित; मंत्री प्रवेश वर्मा बोले- सुरक्षा से समझौता नहीं

जनकपुरी हादसा: दिल्ली सरकार ने किया जांच कमेटी का गठन, मंत्री प्रवेश वर्मा बोले- जवाबदेही तय होगी


नई दिल्ली, 6 फरवरी। दिल्ली के जनकपुरी में हुई घटना को लेकर सरकार ने एक उच्च-स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जवाबदेही तय की जाएगी और ऐसी घटनाओं को दोबारा नहीं होने दिया जाएगा।

मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया, "जनकपुरी लाइन पुनर्वास प्रोजेक्ट साइट पर हुए दुखद हादसे को गंभीरता से लिया गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने घटना की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है।"

उन्होंने बताया कि कमेटी को दुर्घटना स्थल का तुरंत निरीक्षण व सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी सुरक्षा नियमों के पालन की पुष्टि, जहां भी लापरवाही पाई जाए, जिम्मेदारी तय करने, सख्त सुधारात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करने के लिए भी कमेटी को निर्देश दिए गए हैं। मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि कमेटी से शाम तक एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

गृह और शिक्षा मंत्री आशीष सूद शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "जोगिंदर सिंह मार्ग पर जल बोर्ड के चल रहे काम के दौरान गड्ढे में गिरकर एक युवक की दुखद मृत्यु से मैं बहुत आहत हूं। मैं घटनास्थल पर था और मृतक के परिवारजनों से मिला हूं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी सरकार इस दुख की घड़ी में इस परिवार के साथ खड़ी है। घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।"

बता दें कि पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में जोगिंदर सिंह मार्ग पर एक गड्ढे में गिरने से कथित तौर पर एक बाइक सवार की मौत हो गई। बताया गया कि यह घटना गुरुवार देर रात हुई, जब वह अपनी मोटरसाइकिल चला रहा था। मृतक का शव और उसकी मोटरसाइकिल 20 फुट गहरे गड्ढे में मिले। बाइक सवार व्यक्ति एक निजी बैंक में काम करता था।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,238
Messages
4,270
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top