विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग: प्रीति कालरा के इनोवेटिव स्टार्टअप सुझावों का कमाल, सीधे बजट में हुए शामिल

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग : प्रीति कालरा ने दिए स्टार्ट-अप पर सुझाव, बजट में शामिल हुए विचार


सोनीपत, 5 फरवरी। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवा शक्ति पर गहरे भरोसे को एक बार फिर साबित किया है। इस कार्यक्रम में युवा इनोवेटर्स ने सीधे प्रधानमंत्री के साथ अपने विचार साझा किए, जिससे भारत को दुनिया की स्टार्टअप राजधानी बनाने का विजन और मजबूत हुआ।

मेरठ की रहने वाली प्रीति कालरा, जो दीनबंधु छोटू राम विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) तृतीय वर्ष की छात्रा हैं, ने इस राष्ट्रीय मंच पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। माय भारत वॉलंटियर के रूप में प्रीति ने 'पीएम प्रेजेंटर' की भूमिका निभाई और प्रधानमंत्री की मौजूदगी में भारत को ग्लोबल स्टार्टअप हब बनाने पर केंद्रित इनोवेटिव विचार पेश किए।

प्रीति कालरा ने आईएएनएस से खास बातचीत में अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री के सामने विचार पेश करना बेहद प्रेरणादायक और अविस्मरणीय पल था। मेरा विषय 'भारत को दुनिया की स्टार्टअप राजधानी बनाना' था। एक अन्य प्रतिभागी के साथ मिलकर हमने छह ठोस सुझाव दिए, जिनमें स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने, युवा इनोवेशन को बढ़ावा देने और नीति स्तर पर बदलाव शामिल थे।"

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्तिगत रूप से युवा प्रेजेंटर्स को प्रोत्साहित किया। उन्होंने सुझावों की व्यावहारिकता की सराहना की और कहा कि युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। पीएम ने उन्हें ब्लॉग लिखने, संबंधित मंत्रालयों को टैग करने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया।

प्रीति ने इस बात पर जोर दिया कि डायलॉग में चर्चित कई विचार बाद में केंद्रीय बजट 2026 में शामिल किए गए। उन्होंने कहा, "यह दिखाता है कि मोदी सरकार युवाओं की आवाज सुनती है और उन्हें नीति-निर्माण का हिस्सा बनाती है। युवाओं की भागीदारी अब प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि वास्तविक और प्रभावी है।"

प्रीति ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे युवा-संचालित, महिला-केंद्रित और भविष्य-उन्मुख बताया। उन्होंने स्टार्टअप, डिजिटल इनोवेशन, कंटेंट क्रिएशन, रक्षा विनिर्माण और नए औद्योगिक टाउनशिप पर फोकस का स्वागत किया। उनका मानना है कि ये पहलें जेन-जी के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए द्वार खोलेंगी।

प्रीति कालरा मूलरूप से मेरठ, उत्तर प्रदेश से हैं। उनके पिता भीमसेन कालरा मेरठ कॉलेज में गणित के प्रोफेसर हैं, जबकि माता इंदु कालरा गृहिणी हैं। परिवार में एक छोटा भाई (कक्षा आठवीं, दीवान पब्लिक स्कूल, मेरठ) और बड़ी बहन (एमएससी गणित पूरी कर चुकी, प्रोफेसर बनने की आकांक्षा) हैं। प्रीति को एंकरिंग, पब्लिक स्पीकिंग, फोटोग्राफी, कविता लेखन और वाद-विवाद में गहरी रुचि है। वह युवाओं में संवाद, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने में विश्वास रखती हैं और विभिन्न मंचों पर अपनी संचार क्षमता के लिए जानी जाती हैं।

यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के 'युवा शक्ति' पर भरोसे का प्रतीक है। प्रीति ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को युवाओं को राष्ट्रीय मंच देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने देश के युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और कहा, "भारत का भविष्य उन युवा इनोवेटर्स के हाथों में है जो नेतृत्व करने, रोजगार पैदा करने और विकसित भारत में योगदान देने के लिए तैयार हैं।"
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,126
Messages
4,158
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top