पीएम मोदी से एग्जाम टिप्स पाकर हरियाणा के काव्यांश गदगद, बोले- यह जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि

छात्र काव्यांश ने कहा, पीएम मोदी से एग्जाम टिप्स लेना ऐतिहासिक रहा


अंबाला, 5 फरवरी। हरियाणा के अंबाला जिले स्थित शहजादपुर के गांव पतरेहड़ी में रहने वाले 12वीं क्लास के छात्र काव्यांश ने बताया कि पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना ही उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। छात्र ने कहा कि पीएम मोदी से एग्जाम को लेकर उनके सुझाव ने मुझे बेहतर करने के लिए काफी प्रेरित किया है।

बोर्ड परीक्षाओं में स्टूडेंट्स के तनाव को दूर करने के लिए हर साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम करते हैं। इस साल प्रधानमंत्री मोदी 6 फरवरी को इस कार्यक्रम के 9वें संस्करण में युवाओं से संवाद करेंगे। इसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

शहजादपुर के गांव पतरेहड़ी में रहने वाले 12वीं क्लास के छात्र काव्यांश हरियाणा से एकमात्र ऐसे छात्र हैं, जिनका परीक्षा पे चर्चा के 9वें संस्करण में चयन हुआ।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद काव्यांश ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि पीएम मोदी से मुलाकात कभी भूल नहीं सकते हैं। मुलाकात के दौरान मैंने अपनी ओर से कई सवाल पूछे, जिनके जवाब प्रधानमंत्री ने बहुत ही सरल और प्रभावी तरीके से दिए।

काव्यांश ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। प्रधानमंत्री मोदी ने एक अच्छे गुरु और परिवार के सदस्य की तरह सभी बच्चों को समझाया कि अपना टाइम टेबल कैसे बनाना और उसका पालन कैसे करना चाहिए। छात्र ने बताया कि बोर्ड एग्जाम के दौरान काफी तनाव होता है, लेकिन पीएम मोदी ने कहा कि तनाव लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पुस्तक एग्जाम वॉरियर्स के बारे में भी बताया। पीएम ने बताया कि हमेशा खुद पर विश्वास रखना चाहिए और बिना किसी तनाव के परीक्षा में जाना चाहिए।

छात्र काव्यांश के दादा पवन कुमार ने बताया कि उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि उनका पोता इस मुकाम तक पहुंचा है। वह अच्छी शिक्षा ग्रहण कर रहा है और उसका भविष्य उज्ज्वल दिख रहा है।

काव्यांश के स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि 12वीं नॉन-मेडिकल में पढ़ने वाला छात्र काव्यांश हाल ही में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर आया है। यह स्कूल और पूरे जिले के लिए बहुत गर्व की बात है। हम उम्मीद करते हैं कि ऐसे ही हमारे स्कूल के बच्चे लगातार आगे बढ़ते रहें।

बता दें कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी छात्रों के साथ अभिभावकों के सवालों के जवाब बहुत ही सरलता के साथ देते हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top