पीएम मोदी का विजन: भविष्य के व्यापार समझौते भारत की आर्थिक रणनीति की रीढ़, देश बनेगा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

व्यापारिक समझौते भारत की लंबी अवधि की आर्थिक रणनीति का हिस्सा : पीएम मोदी


नई दिल्ली, 5 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भविष्य के लिए तैयार व्यापार समझौते देश की लंबी अवधि की आर्थिक रणनीति का हिस्सा हैं और साथ ही कहा कि देश तेजी से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के उत्तर में राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा, "सरकार सुधार-प्रदर्शन-बदलाव के मंत्र के साथ भविष्य के लिए तैयार नीतियों पर फोकस कर रही है। देश विश्व की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं से निकलकर "रिफॉर्म एक्सप्रेस" में सवार हो चुका है और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की तरफ तेजी से बढ़ रहा है।"

उन्होंने आगे कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद नया वर्ल्ड ऑर्डर बना था और अब फिर से दुनिया नए वर्ल्ड ऑर्डर की तरफ शिफ्ट हो रही है और झुकाव भारत की ओर है, जो 'विश्व बंधु' है।

राज्यसभा में पीएम मोदी ने अपने भाषण में ईयू के साथ हुई भारत की डील को "मदर ऑफ ऑल ट्रेड डील" कहा।

भारत ने कुछ ही दिन पहले अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौते की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि देश का बढ़ता आर्थिक प्रभाव और साझेदारियां इसे बदलती वैश्विक व्यवस्था में मजबूती से स्थापित करती है, जो विश्व मंच पर एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में देश की बढ़ती भूमिका को दिखाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा,"21वीं सदी का पहला चौथाई भाग पूरा हो चुका है। लेकिन यह दूसरा चौथाई भाग निर्णायक है, ठीक वैसे ही जैसे पिछली सदी में भारत के स्वतंत्रता संग्राम का दूसरा चौथाई भाग था। मैं स्पष्ट रूप से देख सकता हूं कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में यह दूसरा चौथाई भाग भी उतना ही सक्षम साबित होगा।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जब आपके पास एक मजबूत विनिर्माण प्रणाली होती है, तो दुनिया आपके साथ व्यापार करना चाहेगी।

उन्होंने कहा, "प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में, भारत की विकास दर लगातार उच्च और मजबूत है, और कम मुद्रास्फीति की दुनिया भर में सराहना की गई है।"
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,126
Messages
4,158
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top