उधमपुर में पाकिस्तानी एयरलाइंस के लोगो वाला गुब्बारा मिला, सुरक्षा एजेंसियां चौकस, सीमा पार साजिश की आशंका

Pakistani balloon


उधमपुर, 5 फरवरी। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले स्थित लद्दन के केरा इलाके में गुरुवार को एक गुब्बारा मिला, जिस पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का लोगो बना हुआ था। इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

स्थानीय लोगों ने गुब्बारे को एक खुले मैदान में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया गया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

पुलिस ने गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया है और इसे आगे की जांच के लिए भेज दिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि गुब्बारा कहां से आया? इसका मकसद क्या था और क्या इसमें कोई संदिग्ध सामग्री थी या नहीं। हालांकि, बरामदगी के समय गुब्बारे में कोई खतरनाक वस्तु या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि यह एक साधारण गुब्बारा हो सकता है, जो हवा के साथ उड़कर यहां पहुंच गया हो। लेकिन, सीमा क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इसे हल्के में नहीं ले रही हैं। गुब्बारे पर पीआईए का लोगो देखकर स्थानीय लोग हैरान थे और इसे किसी खतरनाक गतिविधि से जोड़कर देख रहे थे।

वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गुब्बारे को देखने पर तुरंत सूचना दें और खुद उससे दूर रहें। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

बता दें कि यह घटना सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पहले से बनी चिंता को और बढ़ा रही है। उधमपुर जिला पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है, इसलिए ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। सुरक्षा एजेंसियां गुब्बारे के स्रोत और उसके पीछे के किसी भी संभावित इरादे का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top