नीतीश सरकार का बजट बना रहा 'विकसित बिहार', गांवों की बदली तस्वीर, मजबूत होगा भविष्य: नीरज कुमार

नीतीश सरकार के बजट से बदल रही बिहार के गांवों की तस्वीर : नीरज कुमार


पटना, 5 फरवरी। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार बजट, एसआईआर मुद्दे, राहुल गांधी के बोल और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे कई अहम विषयों पर प्रतिक्रिया दी।

बिहार के बजट को लेकर नीरज कुमार ने कहा कि यह बजट 'विकसित बिहार' के लक्ष्य को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस सरकार ने गांवों की तस्वीर बदल दी है। बुनियादी ढांचे से लेकर शिक्षा और कनेक्टिविटी तक, हर क्षेत्र में बदलाव साफ दिख रहा है।" उन्होंने इसे बिहार के भविष्य को मजबूत करने वाला बजट बताया।

लड़कियों के छात्रावासों के लिए बिहार सरकार द्वारा बनाए गए सख्त नियमों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने कहा कि बिहार लंबे समय तक शिक्षा के मामले में पिछड़ा रहा। आजादी के कई वर्षों बाद तक बिहार में 24 ऐसे अनुमंडल थे, जहां एक भी डिग्री कॉलेज नहीं था। उन्होंने बताया कि नई पहल से बेहतर कनेक्टिविटी, तकनीकी सुविधाएं और बेटियों के लिए सशक्तीकरण के नए अवसर मिलेंगे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा एसआईआर को लेकर उठाए गए सवालों पर नीरज कुमार ने कहा कि यह पूरी तरह से चुनाव आयोग का विषय है। मैं चुनाव आयोग का प्रवक्ता नहीं हूं, लेकिन ध्यान रहे कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर पहले भी कराया जा चुका है और उस समय किसी ने आपत्ति नहीं की थी। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बीएलओ की बहाली नहीं करते और फिर सारा दोष चुनाव आयोग पर डाल देते हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार दोस्त' कहे जाने पर नीरज कुमार ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "इस देश का संविधान ऐसी भाषा की अनुमति नहीं देता। संसदीय परंपराओं के अनुसार भी यह शब्द असंसदीय माने जाते हैं।"

उन्होंने सवाल उठाया कि किसी को गद्दार किस संदर्भ में कहा जा रहा है? आप विपक्ष के नेता हैं, लेकिन आपकी भाषा इस स्तर तक गिर गई है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका निभाने वाले किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी बिल्कुल अस्वीकार्य है। सिख रेजिमेंट देश की शान है और पूरा देश उस पर गर्व करता है। अगर सिख समुदाय आहत महसूस कर रहा है, तो राहुल गांधी को इस पर आत्ममंथन करना चाहिए, नहीं तो जनता उन्हें सोचने पर मजबूर कर देगी।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के बयान पर नीरज कुमार ने कहा कि इससे साफ होता है कि भारत अपने रुख पर पूरी तरह मजबूत है। हम दया मांगने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर वैश्विक दबाव बनाना भी जानते हैं। बता दें कि अजीत डोभाल ने कहा था कि भारत किसी दबाव में नहीं आएगा।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,126
Messages
4,158
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top