ममता की 'गुंडागर्दी' और 'नाटकबाजी' से बंगाल की जनता हुई परेशान, अब उखाड़ फेंकेगी TMC सरकार: जायसवाल

पश्चिम बंगाल की जनता समझ चुकी है ममता बनर्जी की हकीकत : दिलीप जायसवाल


पटना, 5 फरवरी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस की 'गुंडागर्दी' अब उस हद तक पहुंच चुकी है, जहां राज्य की जनता ने उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा, "ममता बनर्जी की जमीन खिसकती हुई साफ नजर आ रही है। यही वजह है कि वह लगातार भ्रामक प्रचार कर रही हैं। एसआईआर जैसी संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध करना उनकी आदत बन गई है।"

उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी की यह 'नाटकबाजी' अब पूरे बंगाल की जनता समझ चुकी है और लोग उनके झूठे आरोपों में आने वाले नहीं हैं।

वहीं, दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार दोस्त' कहे जाने पर भी दिलीप कुमार जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भाषा उनके अहंकार को दिखाती है। इतिहास गवाह है कि अहंकार ज्यादा दिन नहीं टिकता। भगवान भी इसे लंबे समय तक चलने नहीं देता। राहुल गांधी का यह घमंड भी ज्यादा समय तक नहीं रहेगा।

मंत्री जायसवाल ने यह भी कहा कि राहुल गांधी का व्यवहार और बोलने का तरीका मर्यादा के खिलाफ है। एक राष्ट्रीय नेता को अपनी भाषा और आचरण का ध्यान रखना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी बार-बार इसकी सीमा लांघते नजर आते हैं।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप कुमार जायसवाल ने सिख समुदाय की भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा, "सिख समाज ने इस देश और दुनिया के लिए बहुत बड़े बलिदान दिए हैं। उन्होंने हिंदू धर्म और सनातन परंपरा की रक्षा की है।"

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिख समुदाय के खिलाफ बोलना या उनकी आस्था पर सवाल उठाना देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। यह देश सिखों के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top