बेटियों को मिला तोहफा! विश्व कैंसर दिवस पर 8 आकांक्षी जिलों में 3 लाख HPV डोज का सुरक्षा कवच

विश्व कैंसर दिवस: 8 आकांक्षी जिलों की बालिकाओं को मिलेंगी 3 लाख एचपीवी की निःशुल्क डोज


लखनऊ, 4 फरवरी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में बुधवार को जन भवन, लखनऊ में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे एवं जन भवन, उत्तर प्रदेश के मध्य एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान हेतु समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस एमओयू के तहत प्रदेश के आठ आकांक्षी जिलों, चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, चंदौली एवं सोनभद्र के आदिवासी व जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत लगभग डेढ़ लाख बालिकाओं को कुल तीन लाख वैक्सीन डोज निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। समझौता ज्ञापन पर जन भवन की ओर से विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे तथा सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख कर्नल संदीप कौशल ने हस्ताक्षर किए।

अभियान की औपचारिक शुरुआत जन भवन परिसर में जनपद बहराइच स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बोझिया की 25 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कर की गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उन्हें सुरक्षित रखने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि कैंसर का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। ऐसे में वैक्सीन निर्माण और निःशुल्क टीकाकरण जैसे प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी हैं।

राज्यपाल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की पहल सबसे पहले जन भवन द्वारा की गई थी, जिसके अंतर्गत जन भवन की बालिकाओं का टीकाकरण कराया गया और बाद में इसे प्रदेश स्तर पर विस्तारित किया गया।

उन्होंने इस अभियान में गैर-सरकारी संगठनों की सक्रिय सहभागिता की भी प्रशंसा की। राज्यपाल की प्रेरणा से प्रदेश में अब तक लगभग 40 हजार बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण प्रदान किया जा चुका है।

राज्यपाल ने बालिकाओं को सशक्त, स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रफुल्लित रहने का संदेश देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने मिलेट्स, सब्जियों और दालों के अधिक उपयोग की सलाह दी तथा विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी पर बल दिया।

उन्होंने शिक्षकों से स्वयं भोजन की गुणवत्ता जांचने और वही भोजन ग्रहण करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की तीनों डोज समय पर सुनिश्चित कराई जाएं तथा टीकाकरण के बाद प्रमाण-पत्र भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं, जिससे अगली डोज देने में सुविधा हो।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं का जीवन बचाना, उन्हें शिक्षा देना और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना समाज के लिए अत्यंत पुण्य का कार्य है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
3,722
Messages
3,754
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top