हमारी प्रतिबद्धता गुणवत्तापूर्ण इलाज के माध्यम से जीवन की रक्षा करना है: पंकज कुमार सिंह

हमारी प्रतिबद्धता गुणवत्तापूर्ण इलाज के माध्यम से जीवन की रक्षा करना है: पंकज कुमार सिंह


नई दिल्ली, 4 फरवरी। विश्व कैंसर दिवस के मौके पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) की पहल ‘कैंसर जागरूकता, रोकथाम और स्क्रीनिंग प्रोग्राम (कैप्स) का शुभारंभ किया, जिसका मकसद राजधानी दिल्ली में कैंसर का जल्दी से पता लगाने, रोकथाम और आसानी से मिलने वाली कैंसर देखभाल सेवाओं को और ज्यादा मजबूत करना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर्स, नर्स, टेक्नीशियन और हेल्थकेयर स्टाफ भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कैंसर के बढ़ते मामले को कंट्रोल करने के लिए समय पर स्क्रीनिंग और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बेहतर हेल्थकेयर सुविधाओं के कारण पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं, इसलिए यहां ज्यादा मरीजों की रिपोर्ट दर्ज होती है, जबकि देरी से टेस्टिंग होने से कैंसर जोखिम और बढ़ जाता है।

कैंसर जागरूकता, रोकथाम और स्क्रीनिंग कार्यक्रम पहल के तहत हमारी सरकार कम्युनिटी-बेस्ड तरीका अपना रही है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग को सुलभ और रेगुलर बनाने की दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं। खास तौर पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन, जिनमें मैमोग्राफी और एचपीवी डीएनए टेस्टिंग की व्यवस्था होगी, को पहले से बताई गई प्रमुख जगहों और राजधानी के दूर-दराज के इलाकों में तैनात किया जाएगा, ताकि दिल्ली के नागरिक अपने रोजाना के शेड्यूल को डिस्टर्ब किए बिना अपनी स्क्रीनिंग करवा सकें।

कार्यक्रम के दौरान सुविधाजनक और प्राइवेट स्क्रीनिंग के लिए एक सेल्फ-टेस्टिंग किट भी लॉन्च की गई। इस किट के माध्यम से महिलाएं खुद ही वेजाइनल स्वाब सैंपल लेकर लेबल युक्त वायल में सुरक्षित रख सकेंगी, जिसका एचपीवी डीएनए टेस्टिंग आरटी-पीसीआर तकनीक के जरिए किया जाएगा। टेस्ट रिपोर्ट एक हफ्ते के भीतर शेयर की जाएंगी, जिसके बाद मेडिकल सलाह के साथ जरूरत पड़ने पर जरूरी इलाज भी बताया जाएगा। मैमोग्राफी रिपोर्ट के नतीजों को तुरंत एनालिसिस किया जाएगा। साथ ही जिन महिलाओं को इलाज की जरूरत होगी, उनके लिए जरूरी फॉलो-अप केयर भी सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके अलावा कैंसर जागरूकता, कैंसर का जल्दी पता लगाने के तरीकों, तंबाकू विरोधी जागरूकता अभियान और भविष्य के जोखिमों को कम करने के लिए सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन की सुविधा को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली हमारी सरकार रोकथाम, शुरुआती जांच और तुरंत इलाज पर केंद्रित एक व्यापक रणनीति लागू कर रही है। राजधानी दिल्ली में सभी को बेस्ट क्वालिटी की कैंसर की देखभाल मिल सके, यह सुनिश्चित करने के लिए रेगुलर स्क्रीनिंग कैंप, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और उन्नत डायग्नोस्टिक क्षमता शुरू की जा रही है, जिसमें विशेष रूप से ब्रेस्ट, सर्वाइकल और ओरल कैंसर पर खास तौर पर ध्यान दिया जा रहा है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर की रोकथाम हमारे प्रधानमंत्री का एक प्रमुख विजन है और हमारी मुख्यमंत्री भी इस मुद्दे को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। वर्तमान में हमारा विशेष फोकस कैंसर जागरूकता पर है, क्योंकि कई मरीज टेस्ट के लिए बहुत देर से आते हैं, जिससे इलाज बेहद मुश्किल हो जाता है। जागरूकता के साथ-साथ हम व्यापक स्क्रीनिंग को भी बेहद मजबूत कर रहे हैं ताकि कैंसर का जल्दी से पता चल सके और उसका गुणवत्तापूर्ण इलाज हो सके। हम बहुत जल्द सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन शुरू करने और मोबाइल कैंसर वैन के जरिए टेस्टिंग की सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि जहां भी संभव हो बीमारी को रोका जाए और प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर इलाज मिले।

सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार कैंसर केयर सेवाओं को और मजबूत बनाने और राजधानी दिल्ली के सभी नागरिकों को सुलभ, किफायती और बेस्ट क्वालिटी की हेल्थकेयर सर्विस देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top