पटना, 3 फरवरी। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी विदेश नीति, आर्थिक नीति और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन ने अमेरिका के साथ भारत के रिश्तों को और मजबूत किया है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अप्रोच की अमेरिका के राष्ट्रपति ने भी तारीफ की है और भारत के साथ बेहतर व्यापारिक संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत के विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को पहचानती और उसका सम्मान करती है। प्रधानमंत्री का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर दिखाई देता है।”
राज्य के बजट को लेकर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह बजट डबल इंजन सरकार के उस संकल्प को दर्शाता है जिसके तहत बिहार को सुशासन के माध्यम से आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बजट से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और गरीब कल्याण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे लगभग 94 लाख परिवारों को लाभ होगा।
डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष आज भी जंगलराज और चरवाहा राज की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाया है। बिहार के विकास से विपक्ष की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है।”
विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “विपक्ष अपना रोल निभाएगा, लेकिन वह सच्चाई स्वीकार नहीं करेगा। वे अब भी पुरानी सोच में फंसे हुए हैं।”
उन्होंने बताया कि राज्य के हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, एएनएम-जीएनएम और पैरामेडिकल संस्थान तथा आईटीआई स्थापित किए गए हैं। साथ ही गरीबों के खातों में सीधे लाभ पहुंचाने और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए 10 हजार से लेकर 2 लाख तक की सहायता के कदम उठाए गए हैं।