पटना, 3 फरवरी। बिहार बजट 2026-27 पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राज्य के लिए अब तक के सबसे बड़े बजट के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए आभार जताया है। मांझी ने कहा कि 3 लाख 47 हजार 589.76 करोड़ रुपए का बजट बिहार के विकास को तेज रफ्तार देगा।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार की एनडीए सरकार ने अपने ही पिछले बजट का रिकॉर्ड तोड़ा और 30 हजार 694 करोड़ रुपए से ज्यादा बड़े आकार के साथ नया कीर्तिमान बनाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार की अर्थव्यवस्था के 14.9 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान यह बताने को काफी है कि राज्य की प्रगति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। मांझी ने बजट में महिलाओं और युवाओं पर विशेष ध्यान रखने के लिए वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी धन्यवाद दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत रोजगार सृजन के विजन से बिहार के युवाओं को खास लाभ होगा। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 के बीच एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा है, जो ये बताता है कि रोजगार सरकार की प्राथमिकता में सबसे ऊपर है। राज्य सरकार के बजट में शिक्षा के लिए 68 हजार 216.95 करोड़ रुपए का प्रावधान दिखाता है, जो ये बताता है कि अब बिहार लालटेन युग से आगे निकल चुका है, जिसमें लाठी की जगह कलम ने ले ली है।
मांझी ने कहा है कि बिहार के विकास पुरुष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं पर ध्यान केंद्रित रखा है। मौजूदा बजट में भी इस वर्ग का ख्याल रखा गया है। राज्य में स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास की योजनाओं पर भी सरकार ने बजट में खास प्रावधान किए हैं।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि राज्य बजट 2026-27 बिहार की आम आबादी की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है, और इसके जरिए विकसित बिहार का सपना पूरा होगा। बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए जिस आधारशिला की आवश्यकता है, उसके लिए ये बजट उपयोगी होगा।