भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर किरण चौधरी: PM मोदी की कूटनीतिक कामयाबी, फार्मा-किसानों के लिए गेम चेंजर

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पीएम मोदी की कूटनीतिक जीत: किरण चौधरी


नई दिल्‍ली, 3 फरवरी। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो गया है। ट्रेड डील और टैरिफ को लेकर भाजपा सांसद किरण चौधरी ने केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक सफलता करार दिया।

उन्होंने कहा कि यह कदम निश्चित तौर पर देश के हित में है और इसके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। खासतौर पर फार्मा सेक्टर को इससे विशेष लाभ होगा।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि एक समय ऐसा था, जब एक्सपोर्ट सेक्टर लगभग समाप्ति की ओर बढ़ रहा था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। इस फैसले से किसानों को भी सीधा फायदा मिलेगा, क्योंकि वे अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेच सकेंगे। हरियाणा के कई इलाकों में धान की अच्छी खेती होती है और ऐसे क्षेत्रों के किसानों के लिए यह एक बड़ा अवसर साबित होगा।

किरण चौधरी ने आगे कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत चारों ओर से चुनौतियों से घिरा हुआ है, जहां हर देश अपने हितों को प्राथमिकता दे रहा है। ऐसे में भारत को भी अपने हितों के बारे में गंभीरता से सोचना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। भारत की कूटनीति मजबूत हुई है और इसी के बल पर देश विकसित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कांग्रेस द्वारा दिए गए उस बयान पर भी किरण चौधरी ने पलटवार किया, जिसमें पार्टी ने आरोप लगाया था कि सरकार ने एग्रीकल्चर सेक्टर को खो दिया है और किसान तबाह हो जाएंगे। उन्होंने इन आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि पूरा एग्रीकल्चर सेक्टर नहीं खोला गया है और कांग्रेस जानबूझकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी आदत रही है, चाहे वह संविधान को खतरे में बताने की बात हो या वोट चोरी जैसे मुद्दे। जनता अब समझ चुकी है कि यह सब केवल वोटबैंक की राजनीति है। आज जियो-पॉलिटिकल स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और इस दौर में भारत को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

वहीं, भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल ने भी ट्रेड डील और टैरिफ मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की धैर्यता, दूरदर्शिता और कूटनीति का ही परिणाम है कि अमेरिका जैसे देश ने टैरिफ से जुड़े अपने फैसले को वापस लिया।

उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के आपसी संबंध और मजबूत होंगे और भारतीय निर्यातकों को बेहतर लाभ मिलेगा। एसपी सिंह बघेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह लगातार गैर-जिम्मेदाराना बयान देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जो गरिमा और जिम्मेदारी होती है, उसका निर्वहन राहुल गांधी नहीं कर पा रहे हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
3,494
Messages
3,526
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top