टी20 वर्ल्ड कप: सिर्फ 10 दिन पहले मिली एंट्री, स्कॉटलैंड ने तेज़ी से तैयार की कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ की फौज

टी20 वर्ल्ड कप से पहले स्कॉटलैंड के सपोर्ट स्टाफ की घोषणा


नई दिल्ली, 2 फरवरी। स्कॉटलैंड पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच ओवेन डॉकिन्स ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए कोचिंग टीम और सपोर्ट स्टाफ की पुष्टि कर दी है। डॉकिन्स और पुरुष टीम के असिस्टेंट कोच गॉर्डन ड्रमंड को इस विश्व कप में मोनीब इकबाल, पॉल ट्वेडल और जैक बेस असिस्ट करेंगे। इस टीम में राज मैक्रे-रूट्रे (डॉक्टर), गैरी मेटकाफ (फिजियो) और फियोना रे (टीम मैनेजर) भी शामिल हैं।

बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हटने के बाद इस टीम को सिर्फ 10 दिन पहले टूर्नामेंट खेलने का न्योता मिला है। ऐसे में कम समय में यह टीम तैयार की गई है।

स्कॉटलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोनीब इकबाल लगातार दूसरे मेंस टी20 वर्ल्ड कप में स्पिन कोच होंगे। इससे पहले वह 2024 के टूर्नामेंट में कोचिंग टीम का हिस्सा रह चुके थे।

समरसेट के फील्डिंग और असिस्टेंट कोच पॉल ट्वेडल उस कोचिंग टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जिसने काउंटी को 2023 और 2025 में टी20 ब्लास्ट में सफलता दिलाई थी। उन्होंने टॉनटन में अंतरिम हेड कोच के रूप में भी काम किया। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंग्लैंड लायंस के साथ काम कर चुके हैं।

जैक बेस इस विश्व कप में स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच के रूप में काम करेंगे। इसी भूमिका को वह फिलहाल नॉटिंघमशायर के साथ निभा रहे हैं। इससे पहले बेस ने वॉर्सेस्टरशायर के साथ काम किया था। उन्हें 'द हंड्रेड' में ट्रेंट रॉकेट्स के साथ फ्रेंचाइजी क्रिकेट का भी अनुभव है।

स्कॉटलैंड के हेड कोच ओवेन डॉकिन्स ने कहा, "मुझे आगामी टी20 वर्ल्ड कप अभियान के लिए स्कॉटलैंड की कोचिंग टीम की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। टूर्नामेंट से पहले स्टाफ बनाने के लिए हमारे पास बहुत कम समय था, इसलिए हमारे लिए यह महत्वपूर्ण था कि हम गॉर्डन और मेरे साथ काम करने के लिए अलग-अलग अनुभवों वाले स्टाफ को तैयार करें। यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है कि हमने एक उच्च-गुणवत्ता वाला ग्रुप बनाया है।"

ग्रुप-सी में मौजूद स्कॉटलैंड 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के साथ अभियान का आगाज करेगा। इसके बाद 9 फरवरी को इस टीम का सामना इटली से होगा। स्कॉटलैंड 14 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ेगी, जबकि 17 फरवरी को इस टीम का सामना नेपाल से होगा।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
13,229
Messages
13,266
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top