बिहार में राजस्व कर्मचारी और अंचलाधिकारी हड़ताल पर, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा से मिला शिष्टमंडल

बिहार में राजस्व कर्मचारी और अंचलाधिकारी हड़ताल पर, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा से मिला शिष्टमंडल


पटना, 2 फरवरी। बिहार में राजस्व कर्मचारी और अंचलाधिकारी (सीओ) के हड़ताल के समाप्त होने के आसार बढ़ गए हैं। राजस्व कर्मचारियों और अंचलाधिकारियों का एक शिष्टमंडल सोमवार को उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा और विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल से मिला।

मुलाकात के दौरान शिष्टमंडल ने अपनी मांगों पर चर्चा की। बैठक के बाद विजय सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। अधिकारियों को भरोसा भी दिया गया कि गलत मंशा से अधिकारियों के खिलाफ शिकायत होने पर उसकी समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जो काम करता है, ईमानदारी से मेहनत करता है, हम वैसे लोगों का सम्मान करते हैं। ऐसे लोगों का मनोबल नहीं गिरना, ये मेरी जिम्मेदारी भी है। समाज में अच्छे लोग भी हैं और गलत भी हैं, लेकिन गलत की संख्या कम है। सभी मुद्दों की समीक्षा के लिए एक त्रिस्तरीय कमिटी के गठन की घोषणा की गई है, जो प्रोन्नति, सेवा शर्तों और अन्य प्रशासनिक बिंदुओं पर निर्णय लेगी। अब ऐसे में अंचलाधिकारियों की हड़ताल खत्म होने की संभावना बढ़ गई है।

बता दें कि बिहार में अंचलाधिकारियों के हड़ताल पर जाने के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार अभियान के कमजोर पड़ने की आसार व्यक्त किए जा रहे थे। हालांकि विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों के खिलाफ तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करने को कहा था।

विभाग ने नो-वर्क-नो-पे का आदेश जारी करते हुए कहा था कि हड़ताल पर गए सभी अंचल अधिकारियों से सरकारी गाड़ियां तुरंत वापस ली जाएं और उनके डोंगल, महत्वपूर्ण अभिलेखों की चाबियां और अन्य सरकारी सामग्री भी तत्काल जमा कराई जाएं। विभाग ने वरिष्ठ हल्का कर्मचारी को भी प्रभारी अंचल पदाधिकारी का प्रभार देने को कहा था।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
3,494
Messages
3,526
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top