जगदीसन का तूफानी शतक, भारत-ए ने USA को T20 वर्ल्ड कप वार्म-अप में 38 रन से रौंदा

टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप: जगदीसन का तूफानी शतक, यूएसए पर भारत की 38 रन से जीत


नवी मुंबई, 2 फरवरी। भारत-ए ने सोमवार को यूएसए के खिलाफ डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे वार्म-अप मैच में 38 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज नारायण जगदीसन रहे, जिन्होंने शतकीय पारी खेलकर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 238 रन बना दिए। मेजबान टीम को सलामी बल्लेबाजों ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। नारायण जगदीसन ने प्रियांश आर्य के साथ 4 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की। प्रियांश ने 13 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 28 रन बनाए।

यहां से जगदीसन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 113 रन जोड़े। तिलक ने 24 गेंदों में 38 रन जुटाए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। इसके बाद जगदीसन ने तीसरे विकेट के लिए कप्तान आयुष बडोनी के साथ 35 गेंदों में 73 रन जोड़ते हुए भारत को 200 के पार पहुंचा दिया।

नारायण जगदीसन 55 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 104 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बडोनी ने 26 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ नाबाद 60 रन बनाए। यूएसए की तरफ से अली खान, जसदीप सिंह और शुभम रंजने ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में यूएसए की टीम 19.4 ओवरों में महज 200 रन पर सिमट गई। इस टीम को कप्तान मोनांक पटेल और एंड्रीज गौस की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 2.5 ओवरों में 32 रन जोड़े। मोनांक 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ 10 रन बनाकर आउट हुए। अगले ही ओवर में सैतेजा मुक्कमल्ला (0) भी चलते बने।

यूएसए की टीम 33 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से गौस ने मिलिंद कुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी करते हुए टीम को फिर से संभालने की कोशिश की। मिलिंद ने टीम के खाते में 18 रन का योगदान दिया, जबकि गौस 31 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए।

शुभमन रंजने (28) ने संजय कृष्णमूर्ति (41) के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 64 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की, जिसके बाद मोहसिन (21) ने हरमीत सिंह (25) के साथ सातवें विकेट के लिए 35 रन जुटाए, लेकिन ये साझेदारियां टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी रहीं।

भारत की तरफ से रवि बिश्नोई ने 27 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि खलील अहमद और नमन धीर ने 2-2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, अशोक कुमार, तिलक वर्मा और आयुष बडोनी को 1-1 विकेट हाथ लगा।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,466
Messages
15,503
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top