अशोकनगर, 2 फरवरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को अशोकनगर कलेक्ट्रेट में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कहा कि अशोकनगर में संचालित रोजगार, सिंचाई और अधोसंरचना की परियोजनाएं समयसीमा में पूरी होंगी।
अशोकनगर की दिशा बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, अधोसंरचना, रोजगार, उद्योग और नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं की वस्तुस्थिति पर चर्चा हुई तथा विभिन्न विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 100 बिस्तर वाले अस्पताल में रिक्त पदों में से 40 पद (पीडियाट्रिशियन, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ) भर दिए गए हैं। साथ ही, 300 बिस्तर वाले नए अस्पताल को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए अग्रिम स्टाफ स्वीकृति के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही 550 करोड़ की ‘चंदेरी माइक्रो इरिगेशन परियोजना’ को जून 2026 तक पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है। वहीं, 1,572 करोड़ की ‘राजघाट वाटर सप्लाई स्कीम’, जिससे 812 गांवों को लाभ मिलेगा, को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अशोकनगर कॉल सेंटर को जिले का नया ‘नवरत्न’ बताते हुए सिंधिया ने कहा कि वर्तमान में यहां 505 युवाओं को सीधा रोजगार मिल रहा है। इसके विस्तार के लिए मारुति शोरूम के पास एक हजार सीटों की क्षमता वाली नई इमारत निजी क्षेत्र के सहयोग से बनाई जाएगी। साथ ही, ट्रांसपोर्ट नगर के विस्थापन के लिए भी समय-सीमा तय करने के निर्देश कलेक्टर को दिए गए हैं।
सिंधिया ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि भाजपा सरकार अशोकनगर के सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास ध्यान दे रही है। शहर में 45 करोड़ रुपए की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। साथ ही तुलसी सरोवर एवं थीम रोड सहित शहर सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ रुपए की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि शाडोरा से करीला माता मार्ग (55 किमी) को दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा, जबकि पुरवाई-मुंगावली-चंदेरी मार्ग (81 किमी) को जून 2026 तक जनता को समर्पित किया जाएगा।