'मिर्जापुर: द फिल्म' बनाना अली फजल के लिए था अग्निपरीक्षा, बोले- हिंसा-सत्ता की दुनिया को परदे पर उतारना चुनौती

'मिर्जापुर' की हिंसक और सत्ता से भरी दुनिया को स्क्रीन पर उतारना काफी चुनौतीपूर्ण था: अली फजल


मुंबई, 2 फरवरी। भारतीय सिनेमा और वेब सीरीज की दुनिया में 'मिर्जापुर' ने अपनी अलग पहचान बनाई है। गुड्डू भैया, बबलू और कालीन भैया जैसे किरदार लोगों के दिलों में बस गए हैं। अब इस लोकप्रिय वेब सीरीज पर फिल्म तैयार की जा रही है, यानी 'मिर्जापुर: द फिल्म' बन रही है। इस फिल्म की शूटिंग के कुछ पलों को अभिनेता अली फजल ने इंस्टाग्राम पर साझा किया है।

अली फजल ने वीडियो के जरिए कहा, ''इस फिल्म की शूटिंग उनके लिए एक अनोखा अनुभव रही। फिल्म के सेट पर काम करना और 'मिर्जापुर' की हिंसक और सत्ता से भरी दुनिया को स्क्रीन पर उतारना काफी चुनौतीपूर्ण था। यह अनुभव सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मैंने पूरी फिल्म प्रक्रिया को समझा और इसे सीखने के अवसर के तौर पर लिया। सेट पर हर दिन नया अनुभव और सीखने का अवसर लेकर आता था।''

अली ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ''यह सिलसिला लंबा है। यह महज एक छोटा सा सफर है। 'मिर्जापुर द फिल्म' का आखिरी शूटिंग शेड्यूल पूरा हो चुका है। नानी की आवाज में बदायूनी साहब का एक शेर हाथ लग गया… यहां उसका होना लाजमी है।''

उन्होंने निर्देशक और तकनीकी टीम की भी जमकर तारीफ की। अली ने कहा, ''गुरुपा और उनके टीम के साथियों ने फिल्म को एक मास्टरपीस बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। मुश्किल हालात और चुनौतियों के बावजूद हमने भी कैमरे के सामने अपना बेस्ट परफॉर्म किया।''

अली फजल 'गुड्डू भैया' के किरदार से काफी लोकप्रिय हैं। अपने इस किरदार को लेकर आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा था, ''गुड्डू भैया का किरदार अपने साथ एक गहरी भावनात्मक परत और बोझ लेकर चलता है। इस भूमिका में लौटना हर बार एक अलग अनुभव होता है। गुड्डू भैया की चुप्पी, एक्सप्रेशन और उसका स्वभाव कई बार शब्दों से ज्यादा असर छोड़ते हैं। यही वजह है कि इस किरदार को निभाना आसान नहीं होता।''

'मिर्जापुर: द फिल्म' की कहानी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके के मिर्जापुर जिले की है। यह कहानी अखंडानंद त्रिपाठी उर्फ कालीन भैया के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक बड़ा हथियार कारोबारी और अपराध की दुनिया का ताकतवर नाम है। सत्ता, लालच, बदले और हिंसा की इस कहानी में रिश्तों के टूटने और इंसानी कमजोरियों को भी दिखाया गया है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,337
Messages
16,374
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top