धनबाद, 2 फरवरी। झारखंड के झरिया विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक रागिनी सिंह के धनबाद स्थित सरायढेला क्षेत्र में आवास ‘सिंह मेंशन’ में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने सुतली बम फेंककर सनसनी फैला दी। बाइक सवार बदमाशों ने आधी रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दो सुतली बम फेंके और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि सिंह मेंशन के अंदर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बम सिंह मेंशन के मुख्य गेट के अंदर फेंका गया, जबकि दूसरा बम गेट के बाहर सड़क की ओर पटक कर अपराधी भाग निकले। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के कई घरों के लोग नींद से जाग गए। घटना के तुरंत बाद आवास की सुरक्षा में तैनात गार्ड और कर्मी सतर्क हो गए तथा परिवार के सदस्य बाहर निकल आए।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सुतली बम के अवशेष बरामद किए। पुलिस ने पुष्टि की है कि दोनों धमाकों में सुतली बम का ही इस्तेमाल किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दूर से बाइक सवार दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं, हालांकि उनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
घटना को लेकर सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हो रहा है, जिसमें खुद को गैंगस्टर अमन सिंह गिरोह से जुड़ा बताते हुए शंकर सिंह नामक व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वायरल पर्चे में धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया है कि “जिस धरती पर अमन का खून गिरा है, उसे बंजर बना देंगे” और “पूरे धनबाद को श्मशान घाट बना देंगे।”
पर्चे में धनबाद के कोयला और लोहा कारोबार से जुड़े व्यापारियों से रंगदारी की मांग करने के साथ-साथ शहर के लोगों को “चुन-चुन कर मारने” की धमकी भी दी गई है। पुलिस इस पत्र की सत्यता की जांच कर रही है। गैंगस्टर अमन सिंह की दिसंबर, 2023 में धनबाद जेल में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भी उसके नाम पर गिरोह संचालित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि विधायक रागिनी सिंह झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं। संजीव सिंह आगामी धनबाद नगर निगम चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और 4 फरवरी को मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले हैं।