मुंबई, 2 फरवरी। भाजपा से पूर्व सांसद और भोजपुरी के बड़े सुपरस्टार निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव सोमवार को अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं।
सिंगिंग से करियर शुरू करने वाले निरहुआ आज भोजपुरी सिनेमा का बड़ा चेहरा बन चुके हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर राजनीति जगत से लेकर भोजपुरी स्टार्स तक से बधाई मिल रही है। अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और रानी चटर्जी ने अभिनेता को दिल खोलकर बधाई दी है।
रानी चटर्जी ने इंस्टाग्राम पर निरहुआ को बधाई देते हुए फोटोज शेयर की हैं, जिसमें दोनों हंसते-मुस्कुराते दिख रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "जन्मदिन की शुभकामनाएं हमारे प्यारे सितारे को। आपका सरल स्वभाव ही आपको सुपरस्टार बनाता है। आपको जीवन की सारी खुशियां मिलें। दिनेश जी, हमेशा स्वस्थ और व्यस्त रहें, यही कामना है।"
वहीं निरहुआ के साथ सबसे ज्यादा सुपरहिट फिल्म देने वाली आम्रपाली दुबे ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ नए गाने की घोषणा भी की है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं जुबली स्टार निरहुआ। महादेव जी आपको हमेशा स्वस्थ रखें, खुश रखें, और आप हमेशा ऐसे ही चमकते रहें, मेरी यही कामना है प्रभु से।"
बता दें कि आम्रपाली ने निरहुआ के साथ ही अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।
निरहुआ के साथ कई फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता शनि शर्मा ने भी अपने सीनियर जुबली स्टार को बधाई दी है। उन्होंने फोटो पोस्ट कर लिखा, "भोजपुरी इंडस्ट्री के जुबली स्टार और आजमगढ़ के लोकप्रिय पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव भैया को जन्मदिन की ढेर सारी हार्दिक शुभकामनाएं, जुग जुग जिया।"
भोजपुरी, मराठी और हिंदी फिल्मों में काम करने वाली अभिनेत्री स्मृति सिन्हा ने भी अभिनेता को बधाई दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए लिखा, "आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, दिनेश लाल यादव। आप सिर्फ एक सुपरस्टार ही नहीं, बल्कि एक सच्चे सज्जन भी हैं। सिर्फ एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक दयालु आत्मा भी हैं; और सिर्फ एक गायक ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन मनोरंजनकर्ता भी हैं।"
भोजपुरी सिनेमा में निगेटिव और कॉमेडी से भरे किरदार के लिए प्रसिद्ध संजय पांडे ने भी निरहुआ के लिए बधाई संदेश लिखा है। उन्होंने फोटो शेयर कर लिखा, "जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई, जुबली स्टार। ईश्वर आपको स्वस्थ रखे, दीर्घायु हों आप, आप सबके चहेते हैं, सबके बारे में सोचते हैं, आपकी यही सोच आपको महान बनाती है, सहज, सरल, सफल, स्वाभिमानी इंसान हैं आप। अभिनेता तो कमाल हैं ही, आपसे मिलना और आपके साथ फिल्म करना हमेशा अच्छा लगता है। हमारा जरूर कोई पिछले जन्म का रिश्ता रहा होगा।"