पटना, 2 फरवरी। केंद्रीय बजट 2026 और बिहार विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर मंत्री दिलीप जायसवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को सामने रखा।
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा कि केंद्रीय बजट विपक्ष की समझ से परे है। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं के लिए की गई घोषणाओं का ज़िक्र करते हुए बताया कि देश के हर जिले में बालिकाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे। उनका कहना था कि यह कदम महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा प्रयास है। आज भी कई लड़कियों को पढ़ाई के लिए अपने घर से दूर हॉस्टल में रहना पड़ता है और इस योजना से उन्हें बड़ी सुविधा मिलेगी।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हकीकत में विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने वालों ने बिहार को बहुत कम दिया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लगातार बजट पेश हो रहे हैं और देश आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में बिहार भी लगातार प्रगति कर रहा है, लेकिन विपक्ष इसे देखने में असफल रहता है।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने बिहार विधानसभा के आगामी बजट को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा का बजट सत्र और बजट दोनों ही अनोखे होंगे। उनके अनुसार, यह बजट एक विकसित और समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने का संदेश पूरे देश को देगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा सत्र पर कहा कि आज से बिहार विधानसभा का लंबा सत्र शुरू हो रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार विपक्ष द्वारा उठाए गए हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष अक्सर सदन की कार्यवाही में बाधा डालता है, लेकिन सदन को जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
इस बीच, पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच खेलने से इनकार करने पर भी संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की स्थिति क्या है, यह सब जानते हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को खत्म किया, उससे पाकिस्तान हिल गया है।
वहीं, मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी कहा कि भारत की शक्ति के सामने हताश होकर पाकिस्तान इस तरह के फैसले ले रहा है।