डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सराहा केंद्रीय बजट: रिफॉर्म एक्सप्रेस से रोजगार और MSME को मिलेगी रफ्तार, विकसित भारत का मार्ग

केंद्रीय बजट 2026 के रिफॉर्म एक्सप्रेस से रोजगार और एमएसएमई को मिलेगी रफ्तार: डिप्टी सीएम दीया कुमारी


जयपुर, 2 फरवरी। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला है। उन्होंने इसे देश के हर वर्ग के लिए उम्मीद और अवसरों से भरा बताया।

दीया कुमारी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करती हैं कि उन्होंने देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी बजट पेश किया है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का जिक्र किया कि यह पहली बार है जब कर्तव्य भवन में निर्मित बजट देश की जनता के सामने रखा गया है और यह बजट 'तीन कर्तव्यों' पर आधारित है, जो देश के विकास को नई दिशा देगा, जिसमें आर्थिक विकास को बढ़ावा देना, जनता की उम्मीदों को पूरा करना और 'सबका साथ, सबका विकास' शामिल है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, एमएसएमई, महिलाएं, किसान, युवा और छात्र, हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है और आने वाले समय में भारत पूरे विश्व में तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि इस बजट में 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' की भी चर्चा की गई है, जिससे युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे और एमएसएमई को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए डिफेंस आउटले में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे भारत की रक्षा क्षमताएं और सशक्त होंगी।

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कनेक्टिविटी को लेकर की गई कई घोषणाओं की भी सराहना की और कहा कि इससे देश के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सभी कदमों से राजस्थान को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार मिलकर विकास के कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाएगी। डिप्टी सीएम ने भरोसा जताया कि यह बजट न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक मजबूत और समृद्ध भारत की नींव रखेगा।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top