रांची के खादगढ़ा बस टर्मिनल में खौफनाक आगजनी, धू-धू कर जलीं छह बसें, इलाके में दहशत

रांची के खादगढ़ा बस टर्मिनल में लगी भीषण आग, छह बसें जलकर हुईं खाक


रांची, 1 फरवरी। रांची के खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड परिसर में खड़ी कई बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक कुल छह बसें इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें आसमान तक उठती दिखीं, जबकि पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड में पहले दो बसों में आग लगी, जो तेजी से फैलते हुए पास में खड़ी अन्य बसों तक पहुंच गई। आग की चपेट में आई बसों में दो बसें एलडी मोटर्स की बताई जा रही हैं। आरोप है कि कुछ अज्ञात उचक्कों ने जानबूझकर बसों में आग लगाई और मौके से फरार हो गए। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। इन बसों में एक भी यात्री नहीं था।

घटना के बाद बस टर्मिनल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। चालक, परिचालक और यात्री इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोग भी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए और पानी व अन्य उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बसों को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस स्टैंड व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस संबंध में बस मालिकों द्वारा थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। दो वर्ष पूर्व भी इस बस टर्मिनल में एक साथ चार-पांच बसों में आगजनी की घटना हुई थी।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top