शहाबुद्दीन रजवी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को सराहा, बोले- 'गरीब, किसान और अल्पसंख्यकों के साथ शिक्षा-स्वास्थ्य का भी ख्याल'

केंद्रीय बजट 2026 को लेकर शहाबुद्दीन रजवी खुश, बोले- हर वर्ग का रखा गया है ख्याल


बरेली, 1 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर देशभर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता इस बजट पर अपनी राय रख रहे हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष शहाबुद्दीन रजवी ने भी बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया एक प्रभावशाली और संतुलित बजट बताया है।

शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में जो बजट पेश किया है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। उनके मुताबिक, यह बजट गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और अल्पसंख्यकों समेत सभी तबकों की जरूरतों को ध्यान में रखता है। उन्होंने कहा कि खासतौर पर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने अच्छा बजट दिया है, जिससे आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बजट में अच्छा खासा प्रावधान किया गया है, जिससे देश के विकास को और रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों की खपत को कम करने के लिए जीएसटी बढ़ाने का फैसला भी सही दिशा में उठाया गया कदम है। इससे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सेहत पर पड़ने वाले बुरे असर को भी रोका जा सकेगा।

शहाबुद्दीन रजवी ने यह भी बताया कि सरकार ने घरेलू जरूरत की कई चीजों पर राहत दी है, जिससे आम आदमी को महंगाई से कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट की सबसे अहम बात यह है कि इसमें अल्पसंख्यकों के हितों का खास ध्यान रखा गया है। बजट में अल्पसंख्यक कल्याण के लिए करीब 3,350 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 166 करोड़ रुपए ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि इस बढ़े हुए बजट से अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति, शिक्षा और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी। शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि जिस तरह की उम्मीदें अल्पसंख्यक समाज को इस बजट से थीं, वह काफी हद तक पूरी हुई हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कुल मिलाकर यह बजट उम्मीदों पर खरा उतरता है और देश के विकास के साथ-साथ सामाजिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश करता है। उन्होंने बेहतर और संतुलित बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को मुबारकबाद भी दी।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top