रोहित शेट्टी फायरिंग केस: क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया बयान, अहम बाइक फुटेज से खुलेगी वारदात की गुत्थी

फायरिंग मामला: रोहित शेट्टी का बयान दर्ज, क्राइम ब्रांच को मिली बाइक फुटेज


मुंबई, 1 फरवरी। बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग ने मुंबई के जुहू इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। यह इलाका मुंबई का हाई-प्रोफाइल क्षेत्र माना जाता है, जहां कई फिल्मी हस्तियों के घर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह केस मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। अधिकारी रोहित शेट्टी का बयान दर्ज कर रहे हैं और जांच को आगे बढ़ा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रोहित शेट्टी के टॉवर के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी, जिसके निशान पुलिस अधिकारियों को उनके घर की बाहरी दीवारों पर साफ दिखाई दिए। राहत की बात यह है कि फायरिंग में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। रोहित शेट्टी और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इस सनसनीखेज घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रख रही है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच के तहत रोहित शेट्टी का बयान दर्ज किया जा रहा है, ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके। इस मामले की जांच में 12 से ज्यादा टीमें लगाई गई हैं, जो अलग-अलग एंगल से घटना की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस ने इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, जिसमें उन्हें एक मोटर बाइक दिखाई दी है। पुलिस का मानना है कि इसी मोटर बाइक पर सवार हमलावरों ने फायरिंग की।

इसके अलावा, पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

मुंबई पुलिस ने बताया कि इस हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल जांच जारी है और इस बात की तहकीकात की जा रही है कि आखिर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई इस फायरिंग के पीछे कौन है और इसका मकसद क्या था।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
2,602
Messages
2,634
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top